झारखंड में एक्टिव हुआ मानसून, राज्य के इन जिलों में भारी बारिश के आसार, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट
झारखंड में मानसून सक्रिय हो गया है। मानसून का असर अब पूरे राज्य में दिखने लगा है। राजधानी रांची समेत राज्य के कई जिलों में पिछले एक सप्ताह से अच्छी बारिश हो रही है। वहीं मौसम विभाग ने आज यानी 2 अगस्त को प्रदेश के 14 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में गढ़वा, पलामू, लातेहार, लोहरदगा, चतरा, हजारीबाग, गिरिडीह, कोडरमा, देवघर, जामताड़ा, दुमका, गोड्डा, साहिबगंज और पाकुड़ शामिल है।
वहीं दूसरी तरफ झारखंड में गुरुवार को भी ठनका गिरने से तीन लोगों की मौत हो गई और चार लोग घायल हो गए। प्रदेश में तीन दिन में अब तक आकाशीय बिजली से 21 लोगों की मौत हो चुकी है। इससे पहले लगातार दो दिन में ठनके की चपेट में आकर 18 लोग जान गंवा चुके हैं।
मौसम विभाग द्वारा दी गयी जानकारी के मुताबिक, 31 जुलाई तक झारखंड में 508.2 मिमी बारिश होनी चाहिए थी, लेकिन मात्र 295.9 मिमी ही हुई। यह सामान्य से 42% कम है। वहीं, रांची में अब तक 521.7 मिमी बारिश होनी थी, लेकिन 361.5 मिमी ही हुई है। रांची में भी 31% की कमी है।
अगले दो दिन हो सकती है अच्छी बारिश
रांची में अगले सात दिनों तक बारिश की संभावना है। 2 और 3 अगस्त को मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है। इस दौरान वज्रपात का भी अलर्ट जारी किया गया है। 3 से 7 अगस्त तक आसमान में बादल छाए रहेंगे। हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश होने की संभावना है। इस दौरान अधिकतम तापमान 28 से 30 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।
मौसम विभाग के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि अभी कुछ दिनों तक राज्य के कई जिलों में अच्छी बारिश होगी। मौसम विभाग ने आज सुबह हजारीबाग, रांची, गुमला और लोहरदगा में बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया। वहीं राज्य के उत्तरी भाग में भी आज अच्छी बारिश के आसार हैं। खूंटी , रांची , हजारीबाग और गुमला में मौसम विभाग ने पहले ही ऑरेंज अलर्ट जारी किया था। इन जिलों में आज अच्छी बारिश की संभावना है।