Movie prime

झारखंड में 10 से 12 जून के बीच होगी मॉनसून की एंट्री, अगले तीन दिन चढ़ा रहेगा पारा

झारखंड में मौसम लगातार बदलाव के दौर से गुजर रहा है। राजधानी रांची समेत कई जिलों में सुबह से ही बादल छाए हुए हैं, हालांकि भारतीय मौसम विभाग के अनुसार वर्षा की संभावना फिलहाल बहुत कम है। कुछेक स्थानों पर स्थानीय कारणों से हल्की बारिश हो सकती है, लेकिन व्यापक बारिश की उम्मीद नहीं है।

मानसून की एंट्री पर संदेह, 7 जून के बाद मिलेगी स्पष्टता
मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार पहले यह अनुमान था कि इस बार मानसून तय तिथि से करीब एक सप्ताह पहले दस्तक दे सकता है, लेकिन मौजूदा हालात को देखते हुए अब ऐसा नहीं लग रहा। उन्होंने कहा कि आने वाले एक हफ्ते में मानसून के प्रवेश की कोई संभावना नहीं है। अब 7 जून के बाद ही मानसून की स्थिति को लेकर स्पष्टता आएगी। उम्मीद जताई जा रही है कि 10 से 12 जून के बीच मानसून झारखंड में प्रवेश करेगा।

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि यदि मानसून 12 जून तक राज्य में नहीं पहुंचा, तो गर्मी और तेज हो सकती है। 6 जून से तापमान में बढ़ोतरी देखी जा सकती है और रांची का अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। अन्य जिलों में भी तापमान में वृद्धि होगी जिससे लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिलेगी।

अगले कुछ दिनों का पूर्वानुमान

2 जून: आसमान में हल्के बादल और गरज के साथ बादल बनने की संभावना।
3 जून: बादल छाए रहने की स्थिति बनी रहेगी।
4 और 5 जून: आंशिक बादल और गरज-चमक की संभावना।
6 जून: मौसम साफ रहेगा और तापमान में तेज बढ़ोतरी होगी।

15 जून के बाद हो सकती है अच्छी बारिश
रांची स्थित मौसम केंद्र का कहना है कि यदि मानसून समय पर यानी 10 से 12 जून के बीच पहुंच जाता है, तो 15 जून के बाद अच्छी वर्षा की उम्मीद की जा सकती है। जून माह में सामान्य वर्षा 197.6 मिलीमीटर मानी जाती है। लेकिन मानसून में देरी होने पर वर्षा की मात्रा पर प्रभाव पड़ेगा।

पिछले पांच वर्षों में बारिश के आंकड़े
मौसम विभाग के अनुसार, 2020 और 2021 में लॉकडाउन के चलते वाहनों की संख्या कम होने से वायु प्रदूषण घटा और बारिश सामान्य से अधिक हुई। इसके बाद के तीन वर्षों में जून माह में औसत से कम वर्षा दर्ज की गई। सबसे बुरा हाल पिछले वर्ष रहा, जब केवल 80.9 एमएम वर्षा हुई, जो औसत से 59% कम थी। इसकी मुख्य वजह मानसून का 10 दिन की देरी से आना था।