झारखंड में अगले 48 घंटे में मानसून के आने की संभावना
झारखंड में अगले 48 घंटे के अंदर मानसून कभी भी प्रवेश कर सकता है। यह संथाल परगना के रास्ते राज्य में प्रवेश करेगा। मानसून की एंट्री से पहले गुरुवार को राजधानी रांची समेत कई जिलों में बारिश हुई, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली। सबसे ज्यादा बारिश खूंटी में 63.5 मिमी दर्ज की गई, जबकि रांची में 40 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई। गुमला और लातेहार में सबसे कम 2.0 मिमी बारिश दर्ज की गई। बारिश के बाद प्रदेश के सभी जिलों का तापमान 40 डिग्री से नीचे चला गया।
इस बीच, जामताड़ा, पलामू, जमशेदपुर समेत कई जिलों में आज भी बादल छाए हुए हैं और बारिश की संभावना है। अगले पांच दिनों तक प्रदेश के कई जिलों में बारिश और ठनका गिरने की संभावना जताई गई है। भारतीय मौसम विज्ञान केंद्र रांची के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने कहा कि अगले 24 घंटे में कहां-कितनी बारिश हो रही है, इस पर नजर रखी जा रही है। इसके बाद ही राज्य में मानसून के प्रवेश की घोषणा की जाएगी। फिलहाल 24 से 48 घंटे का इंतजार करना होगा।