झारखंड में जल्द होगी मानसून की एंट्री
आगामी 20 से 22 जून के बीच झारखंड में मानसून का प्रवेश हो सकता है। वहीं 19 जून से ही राज्य के कई जिलों में बारिश के आसार बन रहे हैं। बताते चलें कि इस दौरान 50 से 60 किमी की रफ़्तार से हवायें चलेंगी। मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन दिनों तक झारखंड में अधिकतम तापमान में तीन से चार डिग्री की गिरावट हो सकती है। हालांकि, मौसम विभाग ने आज प्रदेश के 6 जिलों में आज बारिश की संभावना जताई है। इन जिलों में पूर्वी सिंहभूम , खूंटी, रामगढ,, रांची, सरायकेला- खरसांवा, पश्चिमी सिंहभूम जिले शामिल हैं। इस दौरान यहां 40 से 50 किमी की रफ्तार से हवा भी चल सकती है।
बताते चलें कि कल यानी सोमवार को राज्य के कई जिलों में लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ा। चतरा, लातेहार, लोहरदगा, जामताड़ा, देवघर, गिरिडीह, गोड्डा, पाकुड़ और हजारीबाग में हीटवेव से लोग परेशान रहे। वहीं, तीन जिलों का तापमान 42 डिग्री के पार रिकॉर्ड किया गया। इनमें गढ़वा-43.8 डिग्री, पलामू- 43.7 डिग्री और रामगढ़ में 42.6 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक राज्य के उत्तर पश्चिमी और निकटवर्ती इलाकों में हीटवेव का खतरा है। इन इलाकों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।