Movie prime

रांची से खाटू धाम तक 1500 किमी की पदयात्रा, 13वीं बार निशान चढ़ाने निकल पड़े मुन्ना शर्मा

रांची के श्याम भक्त मुन्ना शर्मा एक बार फिर अपनी आस्था की राह पर निकल पड़े हैं। उन्होंने आज रांची के श्री श्याम मंदिर से श्री श्याम निशान लेकर 1500 किलोमीटर की पदयात्रा शुरू की, जो खाटू धाम के पावन श्री श्याम मंदिर तक पहुंचेगी। यह उनकी 13वीं निशान यात्रा है, जिसमें वे बाबा श्याम को ध्वज अर्पित करेंगे।

विशेष पूजा के साथ हुई यात्रा की शुरुआत
आज सुबह 10:00 बजे श्री श्याम मंदिर में बाबा श्याम के दर्शन कर विधिवत पूजन और आरती की गई। जय श्री श्याम के जयकारों के बीच मुन्ना शर्मा ने निशान उठाया और उनके साथ बड़ी संख्या में श्याम भक्तों ने भी उत्साहपूर्वक इस यात्रा का हिस्सा बनने का संकल्प लिया।

यह यात्रा कुल 32 दिनों में पूरी होगी, जिसमें प्रतिदिन लगभग 40 किलोमीटर की दूरी तय की जाएगी। यात्रा के पहले दिन मुन्ना शर्मा और उनके साथ चल रहे भक्तों ने रांची से विकास तक 20 किलोमीटर की दूरी तय की, जहां प्रथम रात्रि विश्राम किया गया। आगे यह यात्रा ओरमांझी, रामगढ़, हजारीबाग, बरही, चौपारण, शेरघाटी, औरंगाबाद, सासाराम, डेहरी ऑन सोन, बनारस, इलाहाबाद होते हुए राजस्थान में प्रवेश करेगी और 5 मार्च को खाटू धाम पहुंचेगी।

निशान पदयात्रा में आस्था और सेवा का संगम
रास्ते में प्रत्येक सुबह 6:00 बजे निशान पूजन, आरती और भोग के बाद यात्रा आरंभ होगी, जो सायं 6:00 बजे विश्राम लेगी। भक्तों को ठहरने के लिए मंदिरों, धर्मशालाओं और श्याम प्रेमियों के आवासों पर स्थान मिलेगा, जहां रात में संकीर्तन, पूजा और प्रसाद वितरण किया जाएगा। इस यात्रा को भव्य बनाने में नटवर शिखवाल, जगदीश शर्मा, विजय शिखवाल, श्रीराम, राजेश शर्मा, चीकू शिखवाल समेत कई भक्त सहयोग कर रहे हैं।

मुन्ना शर्मा इससे पहले 12 बार पैदल यात्रा कर चुके हैं। वे रांची से 5 बार, कोलकाता, रायगढ़, दरभंगा, गुमला, देवघर और कानपुर से भी पैदल खाटू धाम जा चुके हैं। इस बार वे रांची से 13वीं बार निशान लेकर निकल रहे हैं, जो उनकी अटूट श्रद्धा और समर्पण को दर्शाता है।

जो भी इस यात्रा से जुड़ना या जानकारी लेना चाहते हैं, वे मुन्ना शर्मा से संपर्क कर सकते हैं – मोबाइल: 6203080274।