झारखंड पुलिस में ट्रांसफर के बाद भी पदाधिकारी अटके, मुख्यालय ने फिर जारी किया सख्त आदेश

झारखंड पुलिस मुख्यालय के कई बार निर्देश देने के बावजूद भी स्थानांतरित पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों को संबंधित जिलों के एसपी विरमित नहीं कर रहे हैं। इसे लेकर मंगलवार को एक बार फिर पुलिस मुख्यालय ने सभी जिलों के एसएसपी, एसपी और विभिन्न इकाइयों के प्रमुखों को सख्त आदेश जारी किया है।
वरिष्ठ अधिकारियों के आदेश की अनदेखी
पुलिस मुख्यालय ने अपने आदेश में स्पष्ट किया कि वर्ष 2024 से अब तक जिन पुलिस अधिकारियों और कर्मियों का ट्रांसफर किया गया है, उन्हें तत्काल विरमित कर उनकी नई तैनाती वाले स्थान पर भेजा जाए। इसके लिए पहले भी कई बार रिमाइंडर भेजे गए थे, लेकिन एसएसपी और एसपी ने अब तक इन निर्देशों का पालन नहीं किया है। यह वरिष्ठ अधिकारियों के आदेश की अवहेलना है।

48 घंटे में अनुपालन का निर्देश
मुख्यालय ने निर्देश दिया है कि सभी लंबित ट्रांसफर को 48 घंटे के भीतर लागू किया जाए। जिन अधिकारियों और कर्मियों को अभी तक विरमित नहीं किया गया है, उन्हें तुरंत उनकी नई तैनाती वाली इकाई में भेजकर इसकी रिपोर्ट मुख्यालय को सौंपनी होगी। आदेश का उल्लंघन करने वाले अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।