Movie prime

झारखंड के 24वें स्थापना दिवस पर राज्यवासियों को मिलेगी कई योजनाओं की सौगात, हेमंत सरकार कर रही है ये तैयारी

 

झारखंड राज्य के 24वें स्थापना दिवस को भव्य बनाने को लेकर जबरदस्त तैयारी की जा रही है। इसकी विशेष तैयारी नगर निगम और जिला प्रशासन ने शुरू कर दी है। स्थापना दिवस समारोह के दौरान शहर के प्रमुख चौक-चौराहों, सचिवालय, स्वतंत्रता सेनानियों, झारखंड के शहीदों के नाम से बने चौक को आकर्षक ढंग से सजाया जाएगा। शहर के दो प्रमुख चौक अलबर्ट एक्का चौक और बिरसा चौक का सौंदर्यीकरण का काम तेजी से चल रहा है। वहीं मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अपने कार्यकाल के चौथे साल में स्थापना दिवस पर होनेवाले भव्य कार्यक्रम में कई तरह की योजनाओं की घोषणा कर सकते हैं। जानकारी मिल रही है कि इसकी भी तैयारी लगभग पूरी की जा चुकी है। जानते हैं उनके बारे में…


खाद्य आपूर्ति विभाग की ओर से गरीबों की दाल वितरण योजना 15 नवंबर से शुरू करने की तैयारी है। इसको लेकर राज्य सरकार की ओर से कवायद शुरू कर दी गई है।

झारखंड स्थापना दिवस के मौके पर सीएम हेमंत सोरेन आपकी सरकार, आपके द्वारा अभियान-3 की शुरुआत करेंगे।

अजीम प्रेमजी विश्वविद्यालय के साथ सरकार MOU करेगी। अजीम प्रेमजी विवि एक ही कैंपस में तकनीकी शिक्षा से लेकर मेडिकल, बिजनेस आदि की सुविधा देगी।

रांची स्मार्ट सिटी परिसर में अपोलो मल्टी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल चेन्नई की आधारशिला रखी जाएगी. जहां पहले चरण में ओपीडी शुरू होगी। बाद में 250 बेड का अस्पताल बनेगा।

रांची में सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं  की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। लाभुकों को On Spot Profit देने की सुविधा भी होगी। जिलों में भी प्रदर्शनी लगेगी।

राज्य सरकार ने अपने कर्मियों की कार्यक्षमता में वृद्धि के लिए प्रशिक्षण नीति 2023 तैयार की है। इसकी घोषणा भी सरकार कर सकती है।

झारखंड आंदोलनकारियों  के लिए विशेष पैकेज का एलान हो सकता है। अब तक चिन्हित आंदोलनकारियों को सरकार सम्मानित कर सकती है, उन्हें सम्मान राशि भी मिल सकती है। इसके अतिरिक्त विभिन्न विभागों द्वारा अन्य कई तरह के योजनाओं की घोषणा, शिलान्यास हेमंत सरकार कर सकती है।