भारत जोड़ो यात्रा की पहली वर्षगांठ पर रांची पहुंचे प्रभारी अविनाश पांडेय, कहा- केंद्र सरकार रोज नया-नया शिगुफा छेड़ती है

झारखंड कांग्रेस प्रभारी अविनाश पांडेय भारत जोड़ो यात्रा की पहली वर्षगांठ पर गुरुवार को रांची पहुंचे। रांची एयरपोर्ट पर मीडिया से मुखातिब अविनाश पांडेय ने कहा कि देश में महंगाई और बेरोजगारी मुख्य मुद्दा है। महंगाई चरम पर है। जनता त्रस्त है। ऐसे में इन मुख्य मुद्दों पर जनता का ध्यान भटकाने के लिए केंद्र सरकार रोज नया-नया शिगुफा छेड़ती है। दरअसल, पत्रकारों ने उनसे सवाल किया था कि केंद्र कहती है कि कांग्रेस सहित विपक्षी पार्टियां भ्रष्टाचार के खिलाफ उनके अभियानों का विरोध कर रही है। जवाब में अविनाश पांडेय ने कहा कि भ्रष्ट्राचार के विरोध में केवल गैर-बीजेपी नेताओं और पार्टियों पर ही कार्रवाई होगी।
आर्थिक तौर पर देश की दुर्दशा है
अविनाश पांडेय ने कहा कि देश में अभी अनकही और अघोषित आपातकाल है। कांग्रेस सहित तमाम विपक्षी पार्टियां देश को इसी अघोषित आपातकाल से बचाने के लिए साथ आई है। देश में बेरोजगारी है। महंगाई चरम पर है। आर्थिक तौर पर देश की दुर्दशा है। हमें इससे देश को बचाना है। उन्होंने कहा कि जब केंद्र की गलत नीतियों के खिलाफ विपक्षी दल साथ आए तो सरकार घबरा गई है। वहीं अविनाश पांडेय ने इंडिया बनाम भारत की नयी सार्वजनिक बहस पर कहा कि देश में जब भी विदेशी ताकतों या ब्रिटिश साम्राज्य का शासन था तो कांग्रेस ने उनके खिलाफ लड़ाई लड़ी। जब भी जनता को लगा कि तानाशाही ताकतें उनको बेवकूफ बना रही है तो कांग्रेस सहित अन्य संवेदनशील पार्टियां साथ आईं। इस बार भी ऐसा हो रहा है। हम साथ मिलकर केंद्र की गलत नीतियों का विरोध कर रहे हैं। गौरतलब है कि भारत जोड़ो यात्रा की पहली वर्षगांठ पर कांग्रेस पार्टी पदयात्रा निकाल रही है।