पुंदाग : अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर सेवा धाम में दिव्यांगजनों के लिए विशेष योग शिविर का आयोजन

पुंदाग स्थित श्री कृष्ण प्रणामी मंगल राधिका सदानंद सेवा धाम, जो श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट के अधीन संचालित है, में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के शुभ अवसर पर एक विशेष योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह आयोजन मंदिर परिसर में संपन्न हुआ, जिसमें अपना घर आश्रम के 50 से अधिक निराश्रित एवं दिव्यांग प्रभुजन तथा सेवादारों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस कार्यक्रम का कुशल संचालन मंदिर के पुजारी अरविंद पांडे द्वारा किया गया। उन्होंने प्रेमपूर्वक सभी प्रतिभागियों को योग व प्राणायाम की विभिन्न तकनीकों का अभ्यास कराया। उन्होंने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए योग की उपयोगिता पर प्रकाश डाला और बताया कि नियमित योगाभ्यास न केवल शरीर को स्वस्थ बनाता है, बल्कि मानसिक शांति और आत्मबल को भी प्रबल करता है। दिव्यांगजनों के लिए योग विशेष रूप से उपयोगी है, क्योंकि यह उन्हें आंतरिक रूप से सशक्त बनाने का मार्ग प्रदान करता है।

इस अवसर पर अनुलोम-विलोम, भ्रामरी, कपालभाति जैसे प्राणायामों के साथ-साथ ताड़ासन, वज्रासन एवं आसान ध्यान विधियों का अभ्यास कराया गया। सभी प्रतिभागियों ने पूरे मनोयोग से अभ्यास में भाग लिया। अंत में सामूहिक शांति पाठ के साथ कार्यक्रम का शांतिपूर्ण समापन हुआ।
कार्यक्रम की समाप्ति पर उपस्थित सभी प्रभुजनों को फल, चना एवं जल वितरित किया गया। ट्रस्ट के उपाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल एवं प्रवक्ता संजय सर्राफ ने कहा कि यह आयोजन सेवा और समर्पण की भावना का सच्चा प्रतीक है। उन्होंने बताया कि समाज के हर वर्ग तक शारीरिक एवं आध्यात्मिक विकास के साधन पहुंचाना ही ट्रस्ट का उद्देश्य है। उन्होंने यह भी बताया कि अपना घर आश्रम में प्रतिदिन सभी निवासियों को योगाभ्यास कराया जाता है, जिससे वे तन और मन से स्वस्थ जीवन की ओर अग्रसर हो सकें।