Movie prime

महिला दिवस पर रांची रेल मंडल की अनोखी पहल, पूरी तरह महिला चालक दल के साथ दौड़ी रांची-टोरी मेमू एक्सप्रेस

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर रांची रेल मंडल ने एक नई मिसाल पेश की है। दक्षिण पूर्व रेलवे के अंतर्गत आने वाले रांची रेल मंडल ने इस खास दिन को यादगार बनाने के लिए एक नई पहल की शुरुआत की। महिला दिवस के अवसर पर पूरी तरह से महिला चालक दल द्वारा संचालित ट्रेन को पटरियों पर उतारा गया। मिली जानकारी के मुताबिक, आज सुबह 8:55 बजे रांची-टोरी मेमू एक्सप्रेस पूरी तरह महिला कर्मियों की टीम के साथ रवाना हुई। आमतौर पर यह ट्रेन नियमित रूप से संचालित होती है, लेकिन आज की खासियत यह रही कि इसमें सुरक्षा कर्मियों से लेकर ट्रेन मैनेजर और लोको पायलट तक सभी महिलाएं थीं।

रेलवे का महिला सशक्तिकरण की दिशा में बड़ा कदम
रांची रेल मंडल के इस कदम को महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास माना जा रहा है। इस पहल पर वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक और सीपीआओ निशांत कुमार ने कहा कि रेलवे महिलाओं को आगे बढ़ाने और सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। इस ट्रेन में लोको पायलट, गार्ड, टिकट कलेक्टर और अन्य सभी कर्मचारी महिलाएं थीं, जिससे यह संदेश जाता है कि महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी उपस्थिति दर्ज करा रही हैं और आत्मनिर्भर बन रही हैं। रेलवे की इस अनूठी पहल को समाज में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी और उनके सशक्तिकरण के प्रतीक के रूप में देखा जा रहा है।

News Hub