Movie prime

झारखंड में आज तेज हवा के साथ बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी, 7 जून तक दस्तक देगा मॉनसून

झारखंड में बेमौसम हो रही बारिश से जहां लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली है, वहीं आकाशीय बिजली कहर बनकर टूट रही है। बुधवार को हुई तेज बारिश के दौरान वज्रपात की चपेट में आकर दो लोगों की मौत हो गई।

मौसम विभाग ने राज्य के आठ जिलों—देवघर, गिरिडीह, जामताड़ा, धनबाद, हजारीबाग, कोडरमा और रांची के कुछ हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। राजधानी रांची में भी दोपहर बाद मौसम में बदलाव की संभावना जताई गई है।

मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार, कई जिलों में आज तेज आंधी, बारिश और वज्रपात हो सकता है। 23 मई को 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और बिजली गिरने की आशंका है। वहीं, 25 मई को भी मध्यम दर्जे की बारिश के साथ वज्रपात का खतरा बना रहेगा। 26 और 27 मई को भी राज्य के कुछ हिस्सों में बारिश के आसार हैं। रांची में 27 मई तक प्रतिदिन बारिश हो सकती है।

झारखंड में 7 जून तक पहुंचेगा मानसून
मौसम विभाग के मुताबिक, इस बार झारखंड में मानसून सामान्य से बेहतर रहने की उम्मीद है। केरल में मानसून 25 से 27 मई के बीच दस्तक देगा, जबकि झारखंड में 7 जून तक इसके पहुंचने की संभावना है। एक हफ्ते के भीतर पूरे राज्य में मानसून सक्रिय हो सकता है।

वहीं पिछले पांच दिनों के दौरान झारखंड के विभिन्न जिलों में वज्रपात से 21 लोगों की जान जा चुकी है और करीब 31 लोग घायल हुए हैं। यह संख्या और अधिक हो सकती है, क्योंकि कई दूर-दराज के गांवों की घटनाएं सामने नहीं आ पातीं।

मुआवजा का लाभ नहीं उठा पाते पीड़ित परिवार
सरकार वज्रपात को प्राकृतिक आपदा मानती है और मृतकों के परिजनों को चार लाख रुपये का मुआवजा देती है। घायल और संपत्ति के नुकसान पर भी सहायता राशि निर्धारित है। लेकिन जानकारी के अभाव में ग्रामीण क्षेत्र के अधिकतर लोग मुआवजा के लिए आवेदन तक नहीं कर पाते। कुछ ही परिवार स्थानीय प्रतिनिधियों या जागरूक लोगों की मदद से इस प्रक्रिया में शामिल हो पाते हैं।