Movie prime

पाकुड़ : डायरिया फैलने से दो गांव के करीब 30 लोग बीमार, झरने का पानी पीने से बिगड़ी हालत

झारखंड के पाकुड़ जिले के अमड़ापाड़ा और लिट्टीपाड़ा प्रखंड के दो गांवों में डायरिया फैलने से तकरीबन 30 लोग बीमार हो गये हैं। इनमें से कुछ लोगों की स्थिति गंभीर बतायी जा रही है। दरअसल, अमड़ापाड़ा के बड़ा बास्को गांव और लिट्टीपाड़ा के छोटा चटकम गांव में साफ पीने के पानी की सुविधा नहीं होने के कारण इन दोनों गांवों के लोग झरने का पानी ही पी रहे थे। इस कारण ये लोग डायरिया की चपेट में आ गये हैं। बड़ा बास्को गांव में डायरिया फैलने की सूचना पर स्वास्थ्य विभाग की टीम को तत्काल गांव भेजी गयी। वहीं मामले की गंभीरता को देखते हुए सिविल सर्जन डॉ मंटू टेकरीवाल भी बड़ा बास्को गांव पहुंचे और स्वास्थ्यकर्मियों को मरीजों के बेहतर इलाज का निर्देश दिया। 

प्राप्त जानकारी के मुताबिक बड़ा बास्को गांव के 25 लोगों में से 10 का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है। वहीं छोटा चटकम गांव के सभी बीमार लोगों का लिट्‌टीपाड़ा स्वास्थ्य केंद्र में इलाज चल रहा है। वहीं अन्य का का इलाज गांव में खटिया पर स्लाइन लगा कर किया जा रहा है। मौके पर डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों की टीम कैंप कर रही है। पाकुड़ सिविल सर्जन के निर्देश पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फतेहपुर के सभी डॉक्टरों, एएनएम और अन्य स्वास्थ्यकर्मियों की छुटि्टयां रद्द कर दी गई है। गांव की सहिया बेदी पहाड़िन ने बताया कि गांव में शनिवार रात से डायरिया फैलना शुरू हुआ है।

स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा इलाज
मिली जानकारी के मुताबिक जवाहर पहड़िया (30) व उनकी पुत्री प्रमिला पहाड़िन (8), अर्जुन पहाड़िया का 7 वर्षीय पुत्री सीदी पहाड़ीन, सुरजा पहाड़िया (56) व पत्नी बामडी पहाड़िन (53) तथा सुरजा पहाड़िया (32) डायरिया से पीड़ित है। सभी को रविवार की सुबह एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ केंद्र लिट्टीपाड़ा ले जाया गया है।

गांव में कैंप करने वाली स्वास्थ्य विभाग की टीम
मरीजों के बेहतर और त्वरीत इलाज के लिए हेल्थ विभाग की टीम काम कर रही है। बीमार लोगों का इलाज कर रहे लोगों में डॉक्टर मोहम्मद खालिद अहमद, डॉक्टर नसीम अहमद, डॉक्टर प्रमोद कुमार, ड्रेसर इशामुद्दीन शेख, सीएचओ समय सिंह मीणा, एएनएम उषा किस्कू और एएनएम ममता सिन्हा सहित 25 कर्मी हैं।