पलामू सांसद विष्णु दयाल राम ने किया योगाभ्यास, पुरस्कृत छात्रों को दी शुभकामनाएं
Jun 21, 2024, 19:04 IST
10वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर केंद्रीय संचार ब्यूरो, डाल्टनगंज के द्वारा अंबेडकर पार्क, मेदिनीनगर में सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। 'स्वयं एवं समाज के लिए योग' की थीम पर आधारित योगाभ्यास कार्यक्रम में समाज के हर वर्ग के लोगों ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया।
पलामू के सांसद विष्णु दयाल राम ने भी आम लोगों के साथ योगाभ्यास किया। इससे पूर्व क्षेत्रीय प्रचार अधिकारी गौरव कुमार पुष्कर के द्वारा सांसद महोदय का पुष्पगुच्छ एवं मोमेंटो देकर सम्मान किया गया। गौरव कुमार पुष्कर के द्वारा अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के महत्व एवं भारत सरकार के द्वारा योग को वैश्विक स्तर पर पहुंचने के प्रयासों की भी चर्चा की गई।
योगाभ्यास की शुरुआत शहर के मशहूर गीतकार एवं संगीतकार राम- श्याम बंधुओं के द्वारा भजन से की गई। इसके उपरांत योग युवा पलामू के संरक्षक एवं योग प्रशिक्षक पवन पुरुषार्थी ने कॉमन योग प्रोटोकॉल का अभ्यास कराया एवं योग अभ्यास और प्राणायाम से होने वाले फायदे के बारे में विस्तार पूर्वक बताया। श्री पुरुषार्थी ने कहा कि योग के माध्यम से मानसिक- शारीरिक शांति की प्राप्ति होती है। योग हमारी पुरातन परंपरा रही है जिसको आज विश्व ने अपनाया है। नियमित दिनचर्या में योग को शामिल करने से कई प्रकार की बीमारियों से बचाव होता है।
सांसद के हाथों पुरस्कृत हुए प्रतिभागी
सांसद विष्णु दयाल राम ने केंद्रीय संचार ब्यूरो, डाल्टनगंज के द्वारा योग दिवस की पूर्व संध्या पर गिरवर प्लस टू उच्च विद्यालय में आयोजित रंगोली, पेंटिंग्स एवं भाषण के प्रतियोगिताओं के विजेताओं को प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
इस मौके पर केंद्रीय संचार ब्यूरो में पंजीकृत गीत एवं नाटक दल मासूम आर्ट ग्रुप के कलाकारों द्वारा सैकत चटर्जी के निर्देशन में योग से संबंधित गीत एवं नाटक प्रस्तुत किया गया।
योगाभ्यास कार्यक्रम में जिला जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ असीम कुमार, गिरिवर प्लस टू उच्च विद्यालय के प्राचार्य नीरज कुमार द्विवेदी शिक्षक शशिकांत कुमार सहित योग युवा पलामू के सभी सदस्य एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे। योगाभ्यास कार्यक्रम के सफल संचालन में क्षेत्रीय प्रचार सहायक मनोज कुमार एवं नेहरू युवा केंद्र के मनोरंजन तिवारी और अन्य सेवक सेवकों की महत्वपूर्ण भूमिका रहे।