Movie prime

गोल और फिटजी पर फर्जीवाड़ा का आरोप, पासवा अध्यक्ष आलोक कुमार दूबे ने दर्ज कराई प्राथमिकी

पासवा के राष्ट्रीय अध्यक्ष आलोक कुमार दूबे ने डोरंडा थाना में गोल इंस्टीट्यूट के निदेशक विपिन कुमार सिंह के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है। दर्ज एफआईआर में विपिन कुमार सिंह पर फर्जीवाड़ा, धोखाधड़ी और बच्चों को नन स्कूलिंग कराने जैसे गैरकानूनी कार्यों का आरोप लगाया गया है।
इसके साथ ही आलोक दूबे ने जनवरी 2025 में झारखंड के छात्रों से लाखों-करोड़ों रुपये लेकर चंपत हो जाने वाले फिटजी संस्थान के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज कराई है। उन्होंने आरोप लगाया कि अब वही संस्थान दोबारा रांची के डोरंडा और लालपुर में केंद्र खोलकर इंजीनियरिंग की कोचिंग के नाम पर बच्चों से फिर वसूली कर रहा है।
प्राथमिकी दर्ज कराने के दौरान डोरंडा थाना प्रभारी दीपिका कुमार स्वयं मौजूद रहीं। उन्होंने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए विधिसम्मत कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
आलोक दूबे ने यह भी जानकारी दी कि चूंकि गोल और फिटजी दोनों संस्थान लालपुर में भी संचालित हैं, इसलिए बुधवार को लालपुर थाना में भी इसी संदर्भ में प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी।
पासवा अध्यक्ष ने झारखंड में कोचिंग संस्थानों की बढ़ती मनमानी और नन स्कूलिंग जैसे अवैध कार्यों पर चिंता जताते हुए कहा कि जब तक कोचिंग संस्थानों के लिए ठोस नियमावली नहीं बनती, तब तक उनका संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि इस मुद्दे पर पासवा का एक प्रतिनिधिमंडल जल्द ही राज्य की मुख्य सचिव अलका तिवारी से मिलकर कार्रवाई की मांग करेगा।
साथ ही आलोक दूबे ने राज्य के सभी कोचिंग संस्थानों से अपील की है कि वे नन स्कूलिंग जैसे गैरकानूनी धंधों को तत्काल बंद करें और शिक्षा के क्षेत्र में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करें।