Movie prime

गुमला पुलिस के हत्थे चढ़ा पीएलएफआई का इनामी उग्रवादी दुर्गा सिंह उर्फ 'पंजरी'

गुमला पुलिस ने पीएलएफआई के कुख्यात उग्रवादी दुर्गा सिंह उर्फ पंजरी को गिरफ्तार कर लिया है। उसे रांची के ओरमांझी क्षेत्र से दबोचा गया और गुमला लाकर पूछताछ की जा रही है। दुर्गा सिंह पर राज्य सरकार ने दो लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा था। उसकी गिरफ्तारी को गुमला पुलिस की एक बड़ी सफलता के रूप में देखा जा रहा है।

गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने दुर्गा के पास से भारी मात्रा में हथियार और गोलियां बरामद की हैं। यह वही दुर्गा सिंह है, जो 3 फरवरी 2023 को पश्चिमी सिंहभूम जिले के गुदड़ी थाना क्षेत्र के सिदमा में हुई पुलिस और पीएलएफआई उग्रवादियों की मुठभेड़ में शामिल था। इस मुठभेड़ में दिनेश गोप, मार्टिन केरकेट्टा और दुर्गा सिंह सक्रिय रूप से मौजूद थे। दिनेश गोप की गिरफ्तारी के बाद सुरक्षा एजेंसियों को मार्टिन और दुर्गा के बारे में कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिली थीं। इसी कारण ये दोनों झारखंड पुलिस और एनआईए के निशाने पर थे।

झारखंड पुलिस की स्पेशल ब्रांच (एसआईबी) ने दिनेश गोप की गिरफ्तारी के बाद पीएलएफआई उग्रवादियों पर मैन-टू-मैन ऑपरेशन शुरू कर दिया था। इस रणनीति के तहत पुलिस उन उग्रवादियों की तलाश में जुटी थी, जो विभिन्न जिलों में अब भी सक्रिय हैं। दुर्गा सिंह की गिरफ्तारी इसी अभियान का एक अहम हिस्सा मानी जा रही है।