Movie prime

झारखंड में राजद के संगठनात्मक चुनाव की तैयारियां जोरों पर, इस दिन होगा प्रदेश अध्यक्ष का चयन

 

राष्ट्रीय जनता दल (राजद) झारखंड में इन दिनों संगठनात्मक चुनाव की प्रक्रिया तेज़ी से चल रही है। पार्टी के झारखंड राज्य निर्वाचन पदाधिकारी गिरधारी गोप और सहायक निर्वाचन पदाधिकारी एवं प्रदेश महासचिव कलामुद्दीन खान की निगरानी में यह प्रक्रिया पारदर्शिता के साथ संचालित हो रही है।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, निर्वाचन आयोग के नियमों के अनुसार सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों को हर तीन वर्षों में संगठन का चुनाव कराना होता है और इसकी सूचना आयोग को देनी होती है। इसी क्रम में राष्ट्रीय जनता दल भी वर्ष 2025-2028 के लिए अपनी नई कार्यकारिणी का गठन कर रहा है, जिसमें राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव भी प्रस्तावित है। इससे पहले राज्य इकाइयों का चुनाव पूर्ण किया जाना अनिवार्य है।

प्रदेश अध्यक्ष के लिए मतदान 21 जून को निर्धारित
अब तक राज्य के 24 में से 21 जिलों में जिला इकाईयों और प्रखंड तथा पंचायत स्तर के चुनाव संपन्न हो चुके हैं। अगला अहम पड़ाव 21 जून को है, जब प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए चुनाव आयोजित किया जाएगा। इससे पहले नामांकन दाखिल करने, स्क्रूटनी करने और नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी।

तीन जिलों में असमंजस के चलते रुका चुनाव
जामताड़ा, गिरिडीह और लोहरदगा जिलों में अंदरूनी विवादों की वजह से जिला अध्यक्ष का चुनाव अभी तक नहीं हो सका है। इन जिलों में चुनाव को लेकर उत्पन्न गतिरोध को सुलझाने के बाद राज्य निर्वाचन पदाधिकारी इन क्षेत्रों में भी चुनाव प्रक्रिया पूरी करेंगे।

कौन करेगा वोट? जानिए प्रक्रिया
यदि प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए एक से अधिक उम्मीदवार नामांकन दाखिल करते हैं, तो चुनाव मतदान के जरिए होगा। ऐसे में झारखंड के सभी 24 जिलों के जिला अध्यक्षों के साथ-साथ प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र से एक-एक राज्य परिषद सदस्य मतदान में भाग लेंगे।

इस पूरी प्रक्रिया को लेकर राजद नेताओं का कहना है कि यह चुनाव पार्टी के आंतरिक लोकतंत्र को मजबूत करने और आने वाले चुनावों की तैयारी को सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।