Movie prime

देवघर एम्स का पहला दीक्षांत समारोह, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू रहेंगी मुख्य अतिथि

देवघर एम्स का पहला दीक्षांत समारोह, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू रहेंगी मुख्य अतिथि

देवघर स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में 31 जुलाई को आयोजित होने जा रहा पहला दीक्षांत समारोह ऐतिहासिक बनने जा रहा है। इस खास मौके पर देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। राष्ट्रपति के आगमन की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन और एम्स प्रबंधन ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है।

देवघर एम्स के लिए यह दीक्षांत समारोह एक मील का पत्थर साबित होगा। एम्स परिसर के ऑडिटोरियम में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम के लिए करीब एक हजार लोगों की बैठने की व्यवस्था की जा रही है। एम्स प्रबंधन ने सभी अधिकारियों को विभिन्न जिम्मेदारियां सौंप दी हैं और तैयारियों में तेजी लाई गई है।

48 छात्रों को मिलेगी डिग्री, मेधावियों को मिलेगा सम्मान
समारोह में राष्ट्रपति मुर्मू 48 मेडिकल छात्रों को डिग्री प्रदान करेंगी, जिनमें से चार मेधावी छात्रों को विशेष सम्मान दिया जाएगा। इसमें एक को गोल्ड मेडल, एक को सिल्वर मेडल, एक को ब्रॉन्ज मेडल, और एक अन्य को विशेष डिग्री से नवाजा जाएगा। शेष विद्यार्थियों को डिग्री एम्स प्रबंधन और विशिष्ट अतिथियों के हाथों प्रदान की जाएगी।

देवघर के उपायुक्त रवि कुमार ने जानकारी दी कि राष्ट्रपति केवल एम्स के कार्यक्रम में भाग लेंगी और फिर अपने अगले गंतव्य को रवाना होंगी। फिलहाल, बाबा बैद्यनाथ मंदिर में पूजा को लेकर कोई आधिकारिक कार्यक्रम तय नहीं है। हालांकि, अगर राष्ट्रपति इच्छा जताती हैं, तो प्रशासन पूरी व्यवस्था करने को तैयार रहेगा।

सुरक्षा और यातायात पर विशेष जोर
राष्ट्रपति के दौरे को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा और यातायात प्रबंधन को लेकर विशेष तैयारी की जा रही है। पुलिस और परिवहन विभाग को विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। जिला प्रशासन ने सभी विभागों को आपसी समन्वय से कार्य को पूरा करने का निर्देश दिया है।

पूर्व में स्थगित हुआ था दौरा
गौरतलब है कि राष्ट्रपति का देवघर दौरा पहले 10 और 11 जून को निर्धारित था, लेकिन किन्हीं जरूरी कारणों से उसे स्थगित करना पड़ा। अब पुनः उनके दौरे की पुष्टि होते ही जिला प्रशासन और एम्स प्रबंधन समारोह को स्मरणीय बनाने में जुट गया है।