Movie prime

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का देवघर दौरा टला, एम्स के दीक्षांत समारोह में होने वाली थीं शामिल

देवघर में 10 और 11 जून को प्रस्तावित राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का दौरा अब फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। यह सूचना राष्ट्रपति भवन द्वारा एम्स देवघर प्रशासन और जिले के अधिकारियों को औपचारिक रूप से दे दी गई है। इसके चलते अब देवघरवासियों को उनके स्वागत के लिए और इंतजार करना पड़ेगा।

राष्ट्रपति मुर्मू की देवघर यात्रा के साथ ही एम्स देवघर में एमबीबीएस के पहले दीक्षांत समारोह का आयोजन भी प्रस्तावित था। लेकिन दौरा टलने के बाद अब यह समारोह भी पुनः निर्धारित किया जाएगा। एम्स के निदेशक डॉ. सौरभ वार्ष्णेय ने पुष्टि की है कि समारोह अब राष्ट्रपति की नई उपलब्धता के अनुसार आयोजित किया जाएगा।

मुख्यमंत्री को निमंत्रण देने के बाद मिली सूचना
डॉ. वार्ष्णेय ने बताया कि वे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को दीक्षांत समारोह के लिए आमंत्रित कर रांची से देवघर लौट रहे थे, उसी दौरान उन्हें राष्ट्रपति कार्यालय से दौरे के स्थगन की जानकारी मिली। बताया जा रहा है कि राष्ट्रपति के 10 और 11 जून को अन्य कार्यक्रम तय हो चुके हैं, जिस कारण यह निर्णय लिया गया। राष्ट्रपति भवन द्वारा नई तारीख की घोषणा शीघ्र की जाएगी।