Movie prime

रांची : धुर्वा में पूर्व पार्षद को अज्ञात अपराधियों ने मारी गोली, जगन्नाथपुर मेला के टेंडर को लेकर था विवाद

राजधानी रांची में अपराधी बेलगाम हो गये हैं। अपराधी बेख़ौफ़ होकर लूट-पाट और गोलीबारी की घटना को अंजाम दे रहे हैं। दरअसल राजधानी रांची के धुर्वा बस स्टैंड में वार्ड 39 के पूर्व पार्षद वेद प्रकाश को रविवार की देर शाम 7 बजे अज्ञात अपराधियों ने गोली मार दी। गोली उनके गर्दन में फंसी हुई है। उन्हें गंभीर हालत में धुर्वा के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि वेद प्रकाश धुर्वा बस स्टैंड के पास एक चाय दुकान में शाम में बैठे थे। शाम करीब 7 बजे तीन अपराधी वहां पहुंचे। दो ने उनपर गोली चलाई। एक ने उनके गर्दन में सटाकर गोली मार दी। उन्हें तीन गोलियां लगी है।

गोली मारने के बाद तीनों अपराधी बाइक से भाग निकले। इसी दौरान एक कट्टा वहां गिर गया। स्थानीय लोगों ने बताया कि जगन्नाथपुर मेला के टेंडर को लेकर भी वेद प्रकाश सिंह का कुछ लोगों से विवाद हुआ था। इससे पहले धुर्वा में लगने वाले साप्ताहिक हाट को लेकर वे विवादों में थे। जिसे टेंडर मिला था उसे मासूल वसूली नहीं करने दे रहे थे। इसे लेकर साप्ताहिक बाजार के ठेकेदार ने प्राथमिकी भी दर्ज कराई थी। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। इधर, घटना की जानकारी मिलने पर बड़ी संख्या में लोग अस्पताल में जुट गए। उन्होंने नारेबाजी भी की।

चार संदिग्ध हिरासत में, एसएसपी ने एसआईटी का गठन किया
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची औऱ अपराधी की पिस्तौल को जब्त कर लिया। रांची पुलिस ने चार संदिग्धों को हिरासत में लिया है। पुलिस को अंदेशा है कि आपसी रंजिश में इस घटना को अंजाम दिया गया है। इधर, एसएसपी ने एसआईटी का भी गठन कर दिया है। पुलिस ने लोगों को जल्द ही अपराधियों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया है। अपराधियों की धर पकड़ के लिए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच के साथ-साथ एफएसएल टीम की मदद भी ली जा रही है।वेद प्रकाश सिंह रांची नगर निगम के वार्ड नंबर-39 के निवर्तमान पार्षद हैं। वे भारतीय जनता पार्टी में काफी सक्रिय भी हैं।

भ्रष्ट है पुलिस-प्रशासन - बाबूलाल
घटना की सूचना मिलते ही भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी औऱ सदन में विपक्ष के नेता अमर बाउरी भी पहुंचे। बाबूलाल ने कहा- पहले भी उन्होंने यह बात पुलिस को बताई थी कि उन्हें जान का खतरा है। अगर पुलिस प्रशासन ने कार्रवाई की होती तो उनकी यह हालत नहीं होती। पुलिस ने जानते हुए अपराधी को संरक्षण दिया। वहीं थानेदार को हटाने की भी स्थानीय लोग लंबे समय से मांग कर रहे थे, लेकिन उन्हें हटाया नहीं गया। अगर पुलिस प्रशासन में भ्रष्टाचार रहेगा तो अपराध बढ़ेगा। सारे भ्रष्ट अधिकारी ऊंचे पदों पर बैठे हैं। परिवार में अब भी भय है। बिना विलंब के थाना प्रभारी को बर्खास्त किया जाना चाहिए। यह एक सुनियोजित तरीके से हमला करना, भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाने वालों को साफ करने का प्रयास है।

जगन्नाथपुर मेले को लेकर था हाई अलर्ट,​ फिर भी हुई घटना
बताते चलें कि वेद सिंह हर रोज शाम में समय मे बस स्टैंड स्थित चाय दुकान पर आकर बैठा करते थे। अपराधी जानते थे की वेद सिंह हर दिन चाय दुकान पर आते हैं। घटना के बाद समर्थकों ने विरोध में नारेबाजी की। रांची के सीनियर एसपी चंदन कुमार सिन्हा ने आम लोगों को समझाया कि अपराधी जल्द पकड़े जाएंगे। रथयात्रा को लेकर जगन्नाथपुर और धुर्वा इलाके में हाई अलर्ट था। 1000 जवानों की अतिरिक्त तैनाती की गई थी। वहां मुख्यमंत्री, रक्षा राज्य मंत्री सहित कई गणमान्य लोग भी गए थे। दिनभर एसएसपी, सिटी एसपी, डीसी रांची सहित पूरा पुलिस महकमा उपस्थित था। एंटी क्राइम चेकिंग भी चलाई गई। इसके बाद भी देर शाम धुर्वा में बस स्टैंड के पास आकर अपराधियों ने पूर्व पार्षद को गोली मार दी और आराम से निकल गए। इससे पूरी तरह रांची पुलिस की विफलता बताई जा रही है।