रांची : बेड़ो में महाजुटान से पहले प्रशासन सतर्क, एहतियातन हिरासत में पूर्व मंत्री देव कुमार धान

रांची जिला प्रशासन ने बेड़ो स्थित महादानी मैदान में प्रस्तावित "महाजुटान" कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। इस कार्यक्रम में भाग लेने दिल्ली से आए झारखंड के पूर्व मंत्री देव कुमार धान को पुलिस ने एहतियात के तौर पर हिरासत में ले लिया है। साथ ही महादानी मैदान के आसपास 100 मीटर की परिधि में निषेधाज्ञा लागू कर दी गई है।
दिल्ली से लौटते ही पुलिस की निगरानी में
बेड़ो क्षेत्र के महादानी मैदान में होने वाले कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन पहले से ही चौकन्ना था। पूर्व मंत्री देव कुमार धान जैसे ही दिल्ली से कार्यक्रम में शामिल होने के लिए रांची पहुंचे, उन्हें पुलिस ने एहतियातन हिरासत में ले लिया। पुलिस का कहना है कि बीते महीने इसी मैदान में आयोजित सभा के दौरान भीड़ ने बेड़ो थाना पर हमला कर दिया था। इस घटना को ध्यान में रखते हुए इस बार प्रशासन कोई जोखिम नहीं उठाना चाहता।

रांची ग्रामीण एसपी प्रवीण पुष्कर ने जानकारी दी कि विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए क्षेत्र में अतिरिक्त सुरक्षा बल की तैनाती की गई है और देव कुमार धान को पुलिस की निगरानी में रखा गया है।
निषेधाज्ञा के आदेश जारी
रांची डीसी कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार अनुमंडल दंडाधिकारी (सदर) द्वारा भारतीय न्यायक प्रक्रिया संहिता (बीएनएसएस) की धारा 163 के तहत महादानी मैदान और उसके 100 मीटर के दायरे में निषेधाज्ञा लागू कर दी गई है।
निषेधाज्ञा के तहत मुख्य बिंदु:
- पांच या उससे अधिक लोगों का एक स्थान पर एकत्रित होना प्रतिबंधित रहेगा (सरकारी ड्यूटी, सरकारी आयोजन और शवयात्रा को छोड़कर)।
- किसी भी प्रकार के हथियार, जैसे बंदूक, बम, राइफल, रिवॉल्वर आदि लेकर चलना निषिद्ध रहेगा (सरकारी कार्य से जुड़े अधिकारियों को छूट)।
- परंपरागत हथियार जैसे लाठी, गड़ासा, तीर-धनुष, भाला आदि भी ले जाना मना है।
- किसी भी तरह के प्रदर्शन, धरना, रैली, आमसभा या घेराव पर पूर्ण प्रतिबंध।
- ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग भी वर्जित रहेगा (सरकारी ड्यूटी को छोड़कर)।
यह आदेश 17 जून 2025 की सुबह 6 बजे से प्रभाव में आ गया है और अगले आदेश तक लागू रहेगा।