Movie prime

रांची में आज बारिश के आसार, राज्य में 15 से 21 जून के बीच होगा मानसून का आगमन

झारखंड में अभी गर्मी का प्रकोप जारी रहेगा। साथ ही 6 और 7 जून को राज्य में हीट वेव का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग द्वारा दी गयी जानकारी के अनुसार, इस दौरान तापमान में दो से तीन डिग्री की वृद्धि होने की संभावना है। इस दौरान लू की भी स्थिति बनी रहेगी। वेदर एक्सपर्ट अभिषेक आनंद के मुताबिक, 9 जून तक अभी प्रदेश के लोगों को गर्मी से राहत मिलने वाली नहीं है। हालांकि, कुछ जगहों पर दोपहर के बाद हल्की बारिश हो सकती है। रांची का अधिकतम तापमान एक बार फिर 42 के आसपास पहुंच सकता है। मौसम विभाग द्वारा दी गयी जानकारी के अनुसार मानसून के झारखंड में 15 से 21 जून के बीच पहुंचने की संभावना है। क्योंकि मानसून अभी बंगाल की खाड़ी के आसपास भी नहीं पहुंचा है।

14 जिलों में झुलसाने वाली गर्मी से लोग परेशान
राज्य के 14 जिलों में अभी झुलसाने वाली गर्मी से लोग परेशान है। इन जिलों में का तापमान अभी भी 40 डिग्री से ज्यादा है। सबसे बुरी स्थिति पलामू की है। यहां बुधवार को तापमान 44 डिग्री के करीब रिकॉर्ड किया गया। जबकि पलामू प्रमंडल के ही गढ़वा जिले में पारा 43.9 डिग्री, मेदिनीनगर में 43 डिग्री और सरायकेला में 43.2 डिग्री दर्ज किया गया। तेज गर्मी के बीच उमस से जनजीवन बेहाल है।

सात से नौ जून तक चलेगा लू
गर्मी की इस भीषण स्थिति के बीच मौसम विभाग ने यलो अलर्ट जारी कर रखा है।इसका सबसे अधिक पलामू और आसपास के जिलों में रहेगी। मौसम विभाग ने राजधानी रांची सहित राज्य के दक्षिणी हिस्सों में तीन डिग्री तक पारा चढ़ने की बात भी कही है। हालांकि कोल्हान को लेकर उनका मानना है कि मध्यम दर्जे की आंधी-बारिश इन इलाकों में थोड़ी राहत देगी।