Movie prime

रांची में मॉर्निंग वॉक के दौरान मुखिया पर जानलेवा हमला, हालत गंभीर

राजधानी रांची के रामपुर इलाके में गुरुवार सुबह करीब 7:30 बजे अपराधियों ने घात लगाकर नामकुम प्रखंड के हाहाप पंचायत के मुखिया नन्हे कच्छप पर जानलेवा हमला किया। मॉर्निंग वॉक पर निकले मुखिया को अपराधियों ने गोली मार दी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल रिम्स अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
घटना की सूचना स्थानीय लोगों ने नामकुम थाना पुलिस को दी। पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी। हालांकि, अब तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि अपराधियों ने मुखिया पर हमला क्यों किया।
सूत्रों के अनुसार, अपराधियों ने मुखिया पर तब हमला किया जब वे रोजाना की तरह सुबह की सैर पर निकले थे। गोलीबारी के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए। मुखिया के जबड़े और अन्य जगहों पर गोली लगने से उनकी स्थिति इतनी गंभीर है कि वे बयान देने में असमर्थ हैं।
पुलिस अपराधियों की तलाश में जुटी है और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। साथ ही, स्थानीय लोगों से भी जानकारी जुटाई जा रही है।