रांची नगर निगम के पास 521 करोड़ से अधिक की संपत्ति, भवन से लेकर पार्क तक की कीमत तय, जानें

रांची नगर निगम की ऑडिट रिपोर्ट से खुलासा हुआ है कि निगम के पास कुल 521 करोड़ 59 लाख 74 हजार 600 रुपये की संपत्ति मौजूद है। इस रिपोर्ट में निगम की अलग-अलग परिसंपत्तियों का विस्तृत ब्यौरा दिया गया है।
रिपोर्ट के मुताबिक, रांची नगर निगम का मुख्य भवन सबसे महंगी संपत्ति है, जिसकी अनुमानित कीमत 108 करोड़ 46 लाख 70 हजार 586 रुपये आंकी गई है। इसके अलावा निगम का सिवरेज और ड्रेनेज सिस्टम 94 करोड़ 40 लाख 70 हजार 590 रुपये मूल्य का है। यह साफ करता है कि शहर की जल निकासी व्यवस्था पर भी अच्छी-खासी राशि खर्च की गई है।
वहीं नगर निगम के अंतर्गत आने वाली सड़कें और पुल 179 करोड़ 60 लाख 22 हजार 445 रुपये के बताए गए हैं। वहीं, वाटर वे यानी पानी के बहाव के लिए बनाए गए रास्तों की कीमत 16 करोड़ 85 लाख 63 हजार 743 रुपये है।
इसके अलावा रिपोर्ट बताती है कि निगम के वाहनों की कुल कीमत 17 करोड़ 62 लाख 12 हजार 577 रुपये है, जबकि पब्लिक लाइटिंग सिस्टम 18 करोड़ 42 लाख 25 हजार 64 रुपये का है। साथ ही, कार्यालय से जुड़े खर्च 94 लाख 62 हजार 298 रुपये बताए गए हैं। फर्नीचर की कीमत 66 लाख 25 हजार 45 रुपये है।

वहीं रांची नगर निगम के अंतर्गत आने वाले पार्क और खेल मैदानों की कीमत 9 करोड़ 36 लाख 42 हजार 973 रुपये आंकी गई है। जमीन की कीमत 3 करोड़ 40 लाख 48 हजार 862 रुपये बताई गई है। नगर निगम की विरासत संपत्तियों (हेरिटेज) का मूल्यांकन 26 लाख 17 हजार 266 रुपये किया गया है, जबकि बाकी अन्य संपत्तियों की कीमत 52 करोड़ 42 हजार 984 रुपये बताई गई है।