Movie prime

रांची : चोरी के आरोप में पंचायत ने दी सज़ा, महिला को लाठी से पीटा, जूतों की माला पहनाई

राजधानी रांची में एक महिला को भरी पंचायत में लाठी से पीटने का मामला प्रकाश में आया है। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमे एक शख्स ने महिला का हाथ पकड़ा हुआ है, वहीं दूसरा व्यक्ति महिला की लाठी से पिटाई कर रहा है। इसके बाद महिला को जूतों की माला पहना कर पूरे गांव में घुमाया गया। 

दरअसल, राजधानी रांची के कांके थाना क्षेत्र के सुकुरहुटू गांव की रहनेवाली महिला पर रांची के मेन रोड स्थित एक कपड़ा दुकान में चोरी करने का आरोप लगा। इस घटना की जानकारी सुकुरहुट्टू के ग्रामीणों को मिली। इसे लेकर मंगलवार को सुकुरहुट्टू में पंचायत की बैठक हुई। जहां महिला ने चोरी की बात कबूल कर ली। इसके बाद महिला को पीटा गया। पंचायत के लोगों का आरोप है कि महिला लंबे समय से चोरी कर रही है। वह पहले भी कई दुकानों मे चोरी करते पकड़ी गई है। उन्हें जेल भी भेजा गया था। इसके बावजूद उसने चोरी करना नहीं छोड़ा।

क्या कह रही है पुलिस
इस पूरे मामले में कांके थाना प्रभारी राजकुमार वर्मा ने कहा कि हम मामले की जांच कर रहे हैं। महिला का बयान दर्ज किया गया है, हम उसके बयान के आधार पर कार्रवाई कर रहे हैं। महिला की पीठ, हाथ, कमर और पैर में चोट के गहरे निशान हैं। चोट के कारण चलने-फिरने में लाचार हैं। इलाज चल रहा है। महिला का आरोप है कि उसे धमकी दी गई कि अगर मामला थाने तक पहुंचा तो गांव से बाहर निकाल दिया जाएगा।