Movie prime

Ranchi: PM मोदी खूंटी के उलिहातू में बिताएंगे ढ़ाई घंटे, बिरसा मुंडा के परिजनों से करेंगे बात

 प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर रांची एयरपोर्ट से सीधे भगवान बिरसा मुंडा के गांव उलिहातू (खूंटी) जाएंगे। अब तक के निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक यहां वे लगभग ढ़ाई घंटे समय बिताएंगे। इस दौरान वे उलिहातू में बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर, परिजनों से बातचीत भी करेंगे। इसके बाद खूंटी में आयोजित सभा को संबोधित भी करेंगे। इसके लिए वे 15 नवंबर को दिन के दस बजे बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पहुंचेगें और हेलिकॉप्टर ये वे सीधे उलिहातू जाएंगे। वहीं 15 नवंबर को खूंटी में ट्राइबल प्रदर्शनी भी लगायी जा रही है। निर्धारित कार्यक्रम के तहत प्रधानमंत्री इस प्रदर्शनी को भी देखेंगे। साथ ही ट्राइबल एचीवर्स से बातचीत का भी कार्यक्रम है। यहीं से विकसित भारत यात्रा की शुरुआत भी देशभर में की जाएगी। इसके आईसी वैन को रवाना करेंगे। इस दौरान पीवीजीटी मिश्रन की शॉर्ट फिल्म और पोर्टल की लांचिंग भी करेंगे। निर्धारित कार्यक्र के अनुसार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खूंटी से कई योजनाओं का शिलान्यास भी करेंगे। वहीं कई योजनाओं का उद्घाटन भी होगा। कार्यक्रम को जनजातीय मामलों के मंत्री अर्जुन मुंडा भी संबोधित करेंगे। फिर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भी संबोधित करेंगे।

प्रधानमंत्री की सुरक्षा के लिए प्लान ए, बी और सी

प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा में झारखंड पुलिस भी लगी हुई है। पुलिस की ओर से तमाम तैयारियां की जा रही हैं। प्रधानमंत्री के संभावित कार्यक्रम के तहत झारखंड पुलिस ने प्रधानमंत्री की सुरक्षा के लिए प्लान ए, बी और सी बनाई है। हालांकि झारखंड पुलिस को पीएम के कार्यक्रम के संबंध में कोई आधिकारिक पत्र नहीं मिला है। पत्र मिलने के बाद झारखंड पुलिस सुरक्षा व्यवस्था को अंतिम रूप देगी। वहीं इस यात्रा को लेकर आज भारत सरकार के दो सचिव खूंटी पहुंचेंगे। जिसमें जनजाति कार्य मंत्रालय के सचिव अनिल कुमार झा और ग्रामीण विकास के सचिव शैलेश कुमार सिंह शामिल हैं।