Movie prime

रांची: जमीन विवाद सुलझाने गई पुलिस टीम पर हमला, थाना प्रभारी और सिपाही घायल

राजधानी रांची के लापुंग क्षेत्र में मंगलवार को जमीन विवाद को शांत कराने पहुंची पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। इस घटना में लापुंग थाना प्रभारी और एक सिपाही गंभीर रूप से घायल हो गए। हालात बिगड़ते देख पुलिस को हवाई फायरिंग करनी पड़ी, जिसके बाद टीम ने मौके से किसी तरह जान बचाकर पीछे हटने में सफलता पाई।

यह घटना लापुंग थाना अंतर्गत कोयनारा गांव में हुई, जहां पहड़ा समाज के लोगों द्वारा आयोजित ग्राम सभा में भूमि विवाद पर चर्चा चल रही थी। जानकारी के अनुसार, पुलिस विवाद को सुलझाने के उद्देश्य से वहां पहुंची थी, लेकिन तभी कुछ उग्र लोगों ने पुलिस पर अचानक हमला कर दिया।

हमले में थाना प्रभारी को सिर में गंभीर चोट आई है। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें रांची स्थित एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, उनके साथ मौजूद एक सिपाही भी सिर में चोट लगने से घायल हुआ है।

घटना के बाद गांव में तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। हमलावरों की पहचान कर उन्हें पकड़ने के लिए छानबीन की जा रही है।