Movie prime

नरेंद्र मोदी के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे रांची रेलमंडल के लोको पायलट एसपी तिर्की

लोकसभा चुनाव 2024 के परिणाम आ चुके हैं। ऐसे में लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री के तौर पर शपथ लेने वाले नरेंद्र मोदी की ताजपोशी की तैयारियां भी ज़ोरों पर हैं। कल यानी 9 जून को शाम 7.15 बजे नरेंद्र मोदी तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ लेंगे। शपथ ग्रहण समारोह के लिये देश-विदेश से कई हस्तियों को आमंत्रित किया गया है। इसके साथ ही अपने क्षेत्र में बेहतर सेवा प्रदान करने वाले कुछ आम जनों को भी शपथ ग्रहण समारोह का न्योता भेजा गया है। इनमें से एक हस्ती हैं, रांची रेल मंडल के लोको पायलट एसपी तिर्की।

दरअसल एसपी तिर्की रांची रेल डिविजन में वंदे भारत के लोको पायलट हैं। देशभर से 10 वंदे भारत चलाने वाले लोको पायलट का चयन शपथ ग्रहण समारोह के लिए किया गया है। एसपी तिर्की वंदे भारत के साथ साथ राजधानी और शताब्दी ट्रेनों के भी लोको पायलट हैं। बताते चलें कि शपथ ग्रहण में शामिल होने के लिए एसपी तिर्की शुक्रवार को ही दिल्ली पहुंच चुके हैं।

रांची रेलमंडल से जुड़े अधिकारियों ने भी लोको पायलट एसपी तिर्की के कामकाज की जमकर तारीफ की है। उन्होंने बताया कि वह अपने काम को बेहद ही संजीदगी से करते हैं इसलिए उन्हें वंदे भारत के लोको पायलट के तौर पर जिम्मेदारी सौंपी गयी है। प्रधानमंत्री जैसे पद के शपथ ग्रहण के मौके का गवाह बनने पर रांची रेलमंडल भी खुद को गौरवान्वित महसूस कर रहा है। उन्होंने 1990 में भारतीय रेलवे को ज्वायन किया था और तभी से रांची रेलमंडल में अपनी सेवा दे रहे हैं।