Movie prime

फोर्ब्स की 'थर्टी अंडर-30 एशिया' लिस्ट में रांची की साक्षी जैन, फाइनेंशियल कंटेंट से मिली वैश्विक पहचान

रांची की बेटी साक्षी जैन ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश और अपने राज्य का मान बढ़ाया है। मशहूर फोर्ब्स मैगजीन ने साक्षी को थर्टी अंडर-30 एशिया 2025 की सूची में सोशल मीडिया, मार्केटिंग और एडवर्टाइजिंग श्रेणी के तहत शामिल किया है। साक्षी एक चार्टर्ड अकाउंटेंट होने के साथ-साथ एक लोकप्रिय कंटेंट क्रिएटर भी हैं।

अपर बाजार की निवासी साक्षी के इंस्टाग्राम पर 1.7 मिलियन से अधिक फॉलोअर्स हैं। यूट्यूब पर उनके 6.90 लाख सब्सक्राइबर्स और लिंक्डइन पर 1.50 लाख से अधिक प्रोफेशनल्स उन्हें फॉलो करते हैं। साक्षी ने 2020 में सेंट जेवियर्स कॉलेज, रांची से बीकॉम की पढ़ाई पूरी की थी। अब फोर्ब्स की प्रतिष्ठित सूची में स्थान मिलने के बाद उन्हें देशभर से बधाइयां मिल रही हैं।

फाइनेंशियल लिट्रेसी को बनाया मिशन
साक्षी ने बताया कि वे अक्टूबर 2023 से सोशल मीडिया पर वित्तीय साक्षरता को बढ़ावा देने का कार्य कर रही हैं। उन्होंने अपने प्लेटफॉर्म के माध्यम से निवेश, टैक्स प्लानिंग, मनी मैनेजमेंट और पर्सनल फाइनेंस जैसे विषयों पर कंटेंट बनाना शुरू किया। उनका मानना है कि आम लोगों को अपने पैसे के प्रबंधन की समझ होनी चाहिए।

साक्षी सिर्फ वित्तीय जानकारी ही नहीं देतीं, बल्कि चार्टर्ड अकाउंटेंसी की तैयारी कर रहे छात्रों को पढ़ाई के तरीके और उत्पादकता बढ़ाने के टिप्स भी देती हैं। इसी निरंतर प्रयास और प्रभावशाली कंटेंट के कारण उनके फॉलोअर्स लगातार बढ़ते गए और आज वे एशिया की टॉप यंग इनोवेटिव पर्सनैलिटीज़ में शुमार हो गई हैं।

परिवार में खुशी की लहर
साक्षी के पिता पंकज जैन और मां अंचला जैन अपनी बेटी की उपलब्धि से गौरवान्वित हैं। साक्षी की एक छोटी बहन भी है। पूरे परिवार और रांची शहर में इस गौरवपूर्ण पल पर खुशी की लहर है। देश-विदेश से उन्हें बधाइयों का सिलसिला जारी है और साक्षी खुद भी इस सम्मान से बेहद उत्साहित हैं।