Movie prime

कल दोपहर 3:30 बजे पूरे विधि–विधान से होगा रथ यात्रा का आगाज

झारखंड की राजधानी रांची के धुर्वा में 7 जुलाई को जगन्नाथपुर रथ यात्रा की शुरुआत होगी। उपायुक्त राहुल कुमार सिन्हा और वरीय पुलिस अधीक्षक चंदन सिन्हा ने 6 जुलाई को मेले की तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक (नगर) राजकुमार मेहता और मंदिर समिति के पदाधिकारी भी उपस्थित थे।
मेले के परिसर में व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए वरीय अधिकारियों ने मंदिर समिति के पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उपायुक्त ने जगन्नाथपुर मंदिर से मौसी बाड़ी तक रथ यात्रा के रूट का निरीक्षण करते हुए श्रद्धालुओं के आवागमन की सुविधा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
वरीय पुलिस अधीक्षक चंदन सिन्हा ने दुकानदारों को निर्देश दिया कि वे अपनी दुकानें निर्धारित स्थानों तक ही लगाएं, ताकि रथ यात्रा के दौरान किसी भी श्रद्धालु को असुविधा न हो।
उपायुक्त राहुल कुमार सिन्हा ने बताया कि 7 जुलाई को दोपहर 3.30 बजे पूरे विधि-विधान से रथ यात्रा की शुरुआत होगी। इसके लिए विधि-व्यवस्था के सभी इंतजाम किए गए हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 24 घंटे बिजली, चलंत शौचालय, पानी, अग्निशमन और एंबुलेंस की व्यवस्था की गई है।
वरीय पुलिस अधीक्षक ने बताया कि सुरक्षा के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। मेला परिसर में पांच वॉच टावर और सीसीटीवी लगाए गए हैं। सभी महत्वपूर्ण स्थानों पर दंडाधिकारी और पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। बड़े वाहनों के प्रवेश को रोकने के लिए जगह-जगह बैरिकेडिंग की जा रही है।