Movie prime

बारिश और ओलावृष्टि से मिली गर्मी से राहत, कई जिलों में अलर्ट जारी, आकाशीय बिजली गिरने की भी चेतावनी

झारखंड में भीषण गर्मी से जूझ रहे लोगों को आखिरकार राहत मिली है। सोमवार दोपहर के बाद प्रदेश भर में मौसम का मिजाज बदल गया। हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाओं के कारण गर्मी का असर काफी हद तक कम हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार, यह बदलाव आने वाले कुछ दिनों तक जारी रहेगा। हजारीबाग के ग्रामीण इलाकों में तो बारिश के साथ ओलावृष्टि भी दर्ज की गई है।

गढ़वा जिले से दुखद खबर सामने आई है, जहां भंडरिया क्षेत्र के निवासी 60 वर्षीय राजमणि मांझी की वज्रपात से मृत्यु हो गई। वहीं खरौंदी इलाके में कुआं निर्माण में जुटा मजदूर विनोद राम वज्रपात की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया है।

सुबह से झमाझम बारिश
संथाल परगना के पाकुड़ और उत्तरी छोटानागपुर के कोडरमा जिले में सुबह से ही बादल छाए रहे और बारिश होती रही। पाकुड़ में तेज हवाओं के साथ बारिश ने लोगों को चौंका दिया, वहीं कोडरमा में भी लगातार मध्यम दर्जे की बारिश जारी है।

बीते 24 घंटे में राजधानी रांची समेत बोकारो, पूर्वी सिंहभूम, गिरिडीह, गुमला, लातेहार, रामगढ़, हजारीबाग, लोहरदगा, गढ़वा और जामताड़ा में बारिश दर्ज की गई। रांची के बरियातू, कांके रोड और रातू रोड इलाकों में लगभग 15 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई।

आज भी गरज के साथ बारिश के आसार
मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के मुताबिक, आज भी दोपहर बाद कई जिलों में तेज हवाओं के साथ बादल गरजने, बिजली चमकने और हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि रांची, रामगढ़, खूंटी, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला, सिमडेगा, गुमला, लोहरदगा, लातेहार, हजारीबाग, चतरा, कोडरमा, गढ़वा और पलामू जिले इसके दायरे में रहेंगे।

इन जिलों के लिए मौसम केंद्र ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जबकि गिरिडीह, देवघर, धनबाद, जामताड़ा, दुमका, गोड्डा, साहिबगंज और पाकुड़ जिलों में मेघगर्जन और वज्रपात की आशंका को देखते हुए येलो अलर्ट घोषित किया गया है।

वहीं मौसम विभाग ने जानकारी दी है कि 30 अप्रैल से लेकर 2 मई तक मौसम में उतार-चढ़ाव बना रहेगा। मई के मध्य में एक बार फिर तापमान बढ़ने की संभावना है।

तापमान में आई बड़ी गिरावट
ओलावृष्टि और वर्षा के चलते तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है। जहां कुछ दिन पहले तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के ऊपर पहुंच गया था, वहीं अब यह 35 से 37 डिग्री के बीच बना हुआ है। सोमवार को सबसे अधिक तापमान पलामू में 37.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 3.5 डिग्री सेल्सियस कम है।

रांची का अधिकतम तापमान 32.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब 3.9 डिग्री कम रहा। आने वाले दो दिनों में बादल छाए रहने की वजह से उमस बढ़ने की भी संभावना है।