Movie prime

राजद राज्य परिषद की बैठक सम्पन्न, संजय सिंह यादव को सौंपा गया अध्यक्ष पद का प्रमाणपत्र

झारखंड प्रदेश राजद कार्यालय में आज पार्टी की राज्य परिषद की एक अहम बैठक संपन्न हुई। इस अवसर पर राज्य निर्वाचन पदाधिकारी गिरधारी गोप ने नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक संजय सिंह यादव को विधिवत प्रमाण पत्र प्रदान किया। इसके पश्चात उपस्थित नेताओं व कार्यकर्ताओं ने फूलमालाओं, अंगवस्त्रों और बुके के साथ उनका भव्य स्वागत किया।

बैठक में कई वरिष्ठ नेताओं ने संबोधन दिया। इनमें देवघर विधायक सुरेश पासवान, विधायक नरेश प्रसाद सिंह, पूर्व मंत्री सत्यानंद भोक्ता, सुभाष प्रसाद यादव, प्रदेश महासचिव एवं मीडिया प्रभारी कैलाश यादव, प्रवक्ता डॉ. मनोज कुमार, महासचिव मनोज पांडेय, युवा राजद अध्यक्ष रंजन यादव, महिला मोर्चा की अध्यक्ष मंजू शाह, पूर्व आईपीएस अधिकारी संजय रंजन सहित कई अन्य प्रमुख लोग उपस्थित थे। धन्यवाद ज्ञापन कलामुद्दीन खान द्वारा किया गया।

प्रदेश अध्यक्ष संजय सिंह यादव ने अपने वक्तव्य में सभी जिला और प्रदेश स्तर के पदाधिकारियों से आपसी मतभेद भुलाकर एकजुटता के साथ संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि राजद के आदर्शों, लालू प्रसाद यादव की विचारधारा और तेजस्वी यादव की युवा ऊर्जा को झारखंड के कोने-कोने तक पहुँचाना पार्टी का मुख्य उद्देश्य है।

बैठक में लिए गए मुख्य निर्णय इस प्रकार हैं:

1. जिला सम्मेलन और कार्यकर्ता सम्मेलन:
सितंबर-अक्टूबर माह में राजद द्वारा दस जिलों में जिला सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त, राज्य के 24 जिलों में चरणबद्ध तरीके से कार्यकर्ता सम्मेलन होंगे। इसकी शुरुआत 5 जुलाई को पटना में होने वाली राष्ट्रीय परिषद की बैठक और खुले अधिवेशन के बाद देवघर और जमशेदपुर से होगी।

2. नगर निकाय चुनाव की तैयारी:
राजद नगर निकाय चुनाव में पूरी ताकत के साथ भाग लेगी। इसके लिए क्षेत्रवार नेताओं को जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी। खास तौर पर रांची जिला संगठन को सशक्त बनाने के लिए वहां के नेताओं को विशेष दायित्व दिया जाएगा। पार्टी कार्यकर्ताओं को सभी वार्डों में पार्षद पद हेतु विजयी बनाने हेतु सघन जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा।

3. संगठनात्मक मजबूती पर ज़ोर:
4 जुलाई को पटना में राजद की राष्ट्रीय परिषद की बैठक तथा राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव होगा। 5 जुलाई को खुला सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इसके बाद झारखंड में संगठन को गतिशील बनाने हेतु राष्ट्रीय नेतृत्व से परामर्श कर कार्यों को तेज गति दी जाएगी।

4. बिहार चुनाव में झारखंड की भूमिका:
आगामी बिहार विधानसभा चुनावों के दौरान झारखंड के राजद नेता और कार्यकर्ता, गठबंधन उम्मीदवारों के समर्थन में प्रचार-प्रसार और जनसंपर्क अभियान में भाग लेंगे।

उपस्थित प्रमुख सदस्य:
बैठक में श्रीराम यादव, श्यामदास सिंह, आबिद अली, अर्जुन यादव, संतोष यादव, जमीरुद्दीन अंसारी, सुधीर गोप, जनार्दन राय, प्रणय कुमार बबलू, चंद्रशेखर भगत, कमलेश यादव, रामकुमार यादव, कैसर जहां, राजकुमारी देवी, गुलशन खातून, मनोज अग्रवाल, धर्मेंद्र महतो, शाहबाज अंसारी, बीरेंद्र यादव, गुलज़ार अंसारी, नवलकिशोर यादव, सूरज सिंह, शंभु चौधरी, बैजू यादव सहित अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे।

प्रदेश महासचिव एवं मीडिया प्रभारी कैलाश यादव ने जानकारी दी कि इस बैठक में कई आगामी योजनाओं और कार्यक्रमों के रूपरेखा सहित संगठन के सुदृढ़ीकरण पर ठोस निर्णय लिए गए।