सदर अस्पताल रांची ने रचा इतिहास, आयुष्मान भारत योजना में देशभर में पाया पहला स्थान : आलोक कुमार दूबे
झारखंड की राजधानी रांची स्थित सदर अस्पताल ने एक नई उपलब्धि हासिल करते हुए राज्य का मान बढ़ाया है। आयुष्मान भारत – मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना के कुशल क्रियान्वयन में यह अस्पताल देशभर में शीर्ष स्थान पर पहुंच गया है। इस उपलब्धि पर झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव आलोक कुमार दूबे ने सरकार, स्वास्थ्य विभाग और अस्पताल प्रशासन को हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं।
आलोक दूबे ने कहा कि रांची सदर अस्पताल की यह उपलब्धि झारखंड के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा, “एक सामान्य जिला अस्पताल का राष्ट्रीय स्तर पर पहला स्थान प्राप्त करना यह दर्शाता है कि यदि प्रशासनिक इच्छाशक्ति हो, तो सरकारी संस्थान भी मिसाल कायम कर सकते हैं।”
स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार, इस योजना के तहत अब तक 2,02,859 मरीजों का नि:शुल्क इलाज सदर अस्पताल में किया गया है और ₹115 करोड़ से अधिक का प्री-ऑथ क्लेम किया जा चुका है।
दूबे ने कहा कि ये आंकड़े केवल दस्तावेज नहीं हैं, बल्कि हजारों जरूरतमंदों के जीवन में राहत और आशा की नई किरण लेकर आए हैं। उन्होंने बताया कि हृदय रोग, कैंसर, अस्थि रोग, नेत्र एवं मूत्र रोग जैसी सुपर स्पेशियलिटी सेवाओं के माध्यम से दूरदराज़ के ग्रामीणों तक इलाज की बेहतर सुविधा पहुंच रही है, जो कि एक बड़ी उपलब्धि है।
कांग्रेस नेता ने राज्य सरकार से यह अपील की कि रांची सदर अस्पताल को “मॉडल हेल्थ सेंटर” के रूप में विकसित किया जाए और राज्य के अन्य जिलों में भी इसी तरह की आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार किया जाए।
अपने वक्तव्य के अंत में आलोक दूबे ने कहा, “यह उपलब्धि मुख्यमंत्री, स्वास्थ्य मंत्री, विभागीय सचिव और अस्पताल प्रबंधन की ईमानदार मेहनत का परिणाम है। कांग्रेस पार्टी की ओर से हम सभी को बधाई देते हैं और आशा करते हैं कि यह पहल झारखंड को एक बेहतर और स्वस्थ राज्य बनाने की दिशा में प्रेरक सिद्ध होगी।”







