Movie prime

सारंडा के जंगलों में सुरक्षाबलों को मिली बड़ी सफलता, नक्सली डम्प को किया ध्वस्त, 14 IED बरामद

चाईबासा पुलिस को 17 जून को मिली एक गुप्त सूचना के आधार पर भाकपा माओवादी संगठन के खिलाफ एक व्यापक अभियान चलाया गया। टोकली थाना अंतर्गत चितपील गांव के जंगलों और पहाड़ी इलाकों में नक्सलियों द्वारा सुरक्षाबलों को नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से विस्फोटक सामग्री छिपाई गई थी। इस सूचना के बाद डीएसपी शिवम प्रकाश के नेतृत्व में चाईबासा पुलिस और सीआरपीएफ की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की।

यह ऑपरेशन चाईबासा और सरायकेला जिले की सीमा पर स्थित चितपील के पहाड़ी इलाके में चलाया गया, जिसमें सुरक्षाबलों ने बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद की। अभियान के दौरान नक्सलियों द्वारा पहले से लगाए गए 14 शक्तिशाली आईईडी बमों को खोज निकाला गया। इसके अलावा 52 पॉलीबैग में भरा हुआ संदिग्ध सफेद पाउडर, जो संभवतः अमोनियम नाइट्रेट है, भी जब्त किया गया। सुरक्षा कारणों से बरामद सामग्री को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।

जानकारी के अनुसार, प्रतिबंधित माओवादी संगठन के कुख्यात कमांडर जैसे मिसिर बेसरा, अनमोल, मोछू, अनल, असीम मंडल, अजय महतो, सागेन अंगरिया, अश्विन, पिंटू लोहरा, चंदन लोहरा, अमित हांसदा उर्फ अपटन, जयकांत और रापा मुंडा समेत कई अन्य उग्रवादी लगातार सारंडा जंगल क्षेत्र में विध्वंसक गतिविधियों को अंजाम देने की फिराक में हैं।

इन्हीं गतिविधियों की रोकथाम के लिए सीआरपीएफ, झारखंड पुलिस, कोबरा और झारखंड जगुआर की टीमों द्वारा लगातार क्षेत्र में सघन तलाशी और संयुक्त अभियान चलाया जा रहा है।