Movie prime

सिल्ली : बिना हेलमेट पहने बाइक चलाने पर पुलिस ने तोड़े युवक के पैर, संजय सेठ ने की कार्रवाई की मांग

सिल्ली विधानसभा के राहे क्षेत्र में स्थानीय पुलिस की बर्बरता सामने आयी है। दरअसल, राहे निवासी अरविंद कुमार महतो ने स्थानीय पुलिस पर आरोप लगाते हुए कहा है कि पुलिस ने बेरहमी से उसकी पिटाई की है। जिस वजह से उसके पैर में कई फ्रैक्चर आये हैं। अरविंद ने जानकारी देते हुए बताया कि, बिना हेलमेट बाइक चलाने पर स्थानीय पुलिस ने उसे पकड़ा और उसकी निर्ममता से पिटाई कर दी। जिसके बाद उसे रिम्स ले जाया गया। भाजपा सांसद संजय सेठ ने भी इस बाबत सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा करते हुए दोषी पुलिस अफसर पर कार्रवाई की मांग की है। सांसद सेठ ने पीड़ित अरविंद से मुलाक़ात भी की। 

भाजपा सांसद संजय सेठ ने पोस्ट साझा करते हुए लिखा है कि "सिल्ली विधानसभा क्षेत्र के राहे निवासी अरविंद कुमार महतो को स्थानीय पुलिस ने बिना हेलमेट बाइक चलाते हुए पकड़ा। थाने ले जाकर निर्ममता से उनकी पिटाई की गई, जिससे उनके पैर में कई फ्रैक्चर हुए। अभी विधायक समरी लाल जी के साथ रिम्स जाकर अरविंद से मिला। उनके बेहतर इलाज के लिए रिम्स प्रबंधन को निर्देश दिया। मौके पर से ही एसएसपी, रांची से बात किया। स्पष्ट निर्देश दिया की ऐसी निर्ममता करने वाले पुलिसकर्मी पर कठोर कार्रवाई करें। उन पर विभागीय कार्रवाई के साथ मुकदमा दर्ज कर उन्हें नौकरी से हटाया जाए। यह रांची पुलिस का अमानवीय चेहरा है, जिससे आम जनता में पुलिस की छवि और खराब हुई है।"