Movie prime

सीता सोरेन को मिली जेड प्लस सिक्योरिटी, वाई कैटेगरी में कल्पना और बसंत

झारखंड आंदोलन में अग्रणी भूमिका निभाने वाले दिवंगत दुर्गा सोरेन की पत्नी, सीता सोरेन को केंद्र सरकार द्वारा जेड प्लस सिक्योरिटी दी गयी है। केंद्रीय गृह मंत्रालय की ओर से पूर्व जामा विधायक सीता सोरेन को यह सुरक्षा उपलब्ध कराई गयी है। इससे पूर्व, राज्य सुरक्षा वर्गीकरण समिति द्वारा 9 मार्च को राज्य के प्रमुख लोगों की सुरक्षा में बदलाव किया था। राज्य सुरक्षा वर्गीकरण समिति द्वारा किये गए संशोधन के उपरांत 119 वीआईपी की सुरक्षा श्रेणी में बदलाव किया गया था। 

बताते चलें कि, राज्य सुरक्षा वर्गीकरण समिति के संशोधन के बाद राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन, सीएम चंपाई सोरेन, केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, झामुमो प्रमुख शिबू सोरेन को मिनिस्ट्री ऑफ होम अफेयर्स की गाइडलाइंस के अनुसार जेड प्लस सुरक्षा दी गई है। वहीं पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन और उनके भाई मंत्री बसंत सोरेन को वाई श्रेणी की सुरक्षा उपलब्ध कराई गई है। बसंत सोरेन को पहले एक्स श्रेणी की सुरक्षा थी, जिसे बढ़ाकर वाई कर दिया गया है। वहीं कल्पना सोरेन, मंत्री बेबी देवी और राज्यसभा सदस्य आदित्य साहू को पहली बार सुरक्षा मुहैया कराई गई है।

किस श्रेणी में क्या सुरक्षा
जेड प्लस
: कुल 58 जवान। इसमें आवास में दस सशस्त्र सुरक्षा गार्ड, छह पीएसओ (प्रत्येक राउंड में दो), दो एस्कॉर्ट, जिनमें 24 जवान, दो शिफ्ट में दो वाचर, रात में एक, एक प्रभारी इंस्पेक्टर या सब इंस्पेक्टर, छह फ्रिस्कर-स्क्रीनर व छह प्रशिक्षित ड्राइवर।
जेड : कुल 33 जवान। इसमें आवास में दस सशस्त्र सुरक्षा गार्ड, छह पीएसओ, 12 सशस्त्र एस्कॉर्ट, दो वाचर, तीन प्रशिक्षित चालक।
वाई प्लस : कुल 11 जवान। आवास में 5 सशस्त्र सुरक्षा गार्ड, 6 पीएसओ।
वाई : कुल आठ जवान। आवास में पांच सशस्त्र सुरक्षा गार्ड व 3 पीएसओ।
एक्स : कुल 3 जवान। 3 पीएसओ।