Newshaat_Logo

तेतुलिया जमीन घोटाले : 28 जुलाई से तीन दिन तक हुसैन बंधुओं से पूछताछ करेगी ईडी, कोर्ट ने दी अनुमति

तेतुलिया जमीन घोटाले : 28 जुलाई से तीन दिन तक हुसैन बंधुओं से पूछताछ करेगी ईडी, कोर्ट ने दी अनुमति

तेतुलिया की 103 एकड़ जमीन से जुड़े बड़े घोटाले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने इजहार हुसैन और अख्तर हुसैन से पूछताछ के लिए तीन दिन का समय प्राप्त कर लिया है। दोनों आरोपी फिलहाल जेल में हैं और ईडी 28 जुलाई से उनसे पूछताछ शुरू करेगी। इस दौरान दोनों अभियुक्तों को प्रतिदिन केवल एक बार 15 मिनट के लिए अपने वकील से मुलाकात की इजाजत होगी।

इससे पहले ईडी ने विशेष पीएमएलए कोर्ट से आरोपियों के बयान दर्ज करने की अनुमति मांगी थी, जिसके लिए अदालत ने एक दिन की अनुमति दी थी। मगर मामले की गंभीरता और मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े साक्ष्यों की जटिलता को देखते हुए, ईडी ने पूछताछ के लिए अतिरिक्त समय की मांग की। न्यायालय ने ईडी के आवेदन पर विचार कर तीन दिन का अतिरिक्त समय प्रदान कर दिया।

अब निर्धारित तिथि के अनुसार, ईडी 28 जुलाई से लगातार तीन दिन जेल में रहकर दोनों आरोपियों से पूछताछ करेगी और उनका बयान दर्ज किया जाएगा।

गौरतलब है कि तेतुलिया जमीन घोटाले की जांच शुरू में दर्ज प्राथमिकी के बाद सरकार द्वारा सीआईडी को सौंपी गई थी। सीआईडी ने जांच के क्रम में इजहार और अख्तर हुसैन को गिरफ्तार किया था। इसके बाद ईडी इस मामले में धनशोधन (मनी लॉन्ड्रिंग) के पहलुओं की जांच कर रही है।

जांच के दौरान ईडी ने राजबीर कंस्ट्रक्शन के निदेशक तथा पुनित अग्रवाल के पिता के बांका स्थित आवास पर छापेमारी की थी। इस छापेमारी में 1.25 करोड़ रुपये नकद बरामद किए गए थे, जिससे मामले की गंभीरता और बढ़ गई।

ईडी अब इस मामले में सभी संबंधित पक्षों से पूछताछ कर रही है ताकि घोटाले की पूरी परतें खोली जा सकें।