Movie prime

पद्मश्री छुटनी महतो के संघर्ष पर बनेगी फिल्म, तेलुगू और हिंदी में होगी रिलीज

झारखंड की जानी-मानी सामाजिक कार्यकर्ता और पद्मश्री सम्मान प्राप्त छुटनी महतो के प्रेरणादायक जीवन पर अब एक फिल्म बनने जा रही है। यह फिल्म दो भाषाओं—तेलुगू और हिंदी—में तैयार की जाएगी, जिसकी तैयारियां जोरों पर हैं। फिल्म में छुटनी महतो का किरदार निभाने के लिए एक प्रसिद्ध तेलुगू अभिनेत्री को लिया जाएगा, जिनका चयन जल्द ही किया जाएगा।

फिल्म से जुड़ी कलाकार प्रियदर्शिनी कृष्णा इन दिनों छुटनी महतो के जीवन को करीब से जानने के लिए उनके साथ समय बिता रही हैं। इसी क्रम में वे सरायकेला पहुंची, जहां उन्होंने और फिल्म निर्माण से जुड़े अन्य सदस्यों ने छुटनी महतो का सम्मान भी किया।

इस प्रेरणादायक फिल्म का निर्माण ऑडुम्बरा एंटरटेनमेंट बैनर तले किया जाएगा। फिल्म की शूटिंग झारखंड और हैदराबाद में की जाएगी। प्रियदर्शिनी कृष्णा ने बताया कि फिल्म की पटकथा पूरी हो चुकी है और अब कलाकारों के चयन की प्रक्रिया तेज़ी से चल रही है। पहले फिल्म तेलुगू में बनाई जाएगी, फिर उसका हिंदी संस्करण दर्शकों के सामने लाया जाएगा।

फिल्म बनने की जानकारी से छुटनी महतो काफी खुश हैं। उन्होंने कहा, "लोग अब तक हीरो-हीरोइन की कहानियां देखते थे, लेकिन अब मेरी ज़िंदगी पर भी एक फिल्म बनेगी, यह मेरे लिए गौरव की बात है।" उन्होंने फिल्म से जुड़े सभी लोगों के प्रति आभार जताया और कहा कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि उनके जीवन पर भी कोई फिल्म बनेगी या उन्हें पद्मश्री जैसा सम्मान मिलेगा। इस मौके पर फिल्म कंपनी की ओर से उन्हें सामाजिक कार्यों के लिए एक कार भी उपहार में दी गई।

बताते चलें कि छुटनी महतो ने वर्ष 1995 से डायन प्रथा के खिलाफ अपनी लड़ाई शुरू की थी। वे अब तक 200 से अधिक पीड़ित महिलाओं को इस अमानवीय कुप्रथा से बचा चुकी हैं और उनका पुनर्वास भी कराया है। फिलहाल वे बीरबांस गांव में एक सहायता केंद्र चला रही हैं, जहां डायन प्रथा की शिकार महिलाओं को सुरक्षा और सहयोग प्रदान किया जाता है। उनके इस अथक संघर्ष को देखते हुए भारत सरकार ने उन्हें 2021 में पद्मश्री से सम्मानित किया था।