अब श्रीबंशीधर में भी रुकेगी रांची-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस, केंद्रीय रेल मंत्रालय ने दी मंजूरी

रांची से नई दिल्ली जाने वाली राजधानी एक्सप्रेस ट्रेन अब गढ़वा जिले के श्रीबंशीधर नगर रेलवे स्टेशन पर भी रुकेगी। केंद्र सरकार ने पहले ही इस नगर को श्रीकृष्णा कॉरिडोर में शामिल करने की घोषणा की थी। लंबे समय से स्थानीय लोग इस स्टेशन पर राजधानी एक्सप्रेस के ठहराव की मांग कर रहे थे, जो अब पूरी हो गई है।
पलामू के सांसद विष्णुदयाल राम ने लोकसभा में इस मुद्दे को उठाया था और कई बार रेलवे मंत्री से मुलाकात कर मांग को दोहराया था। अब उनकी पहल रंग लाई है और रांची-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 12453, 12454) का ठहराव श्रीबंशीधर नगर (नगर उंटारी) रेलवे स्टेशन पर सुनिश्चित कर दिया गया है। इस फैसले से स्थानीय लोगों में हर्ष का माहौल है।

सांसद विष्णुदयाल राम ने बताया कि इस निर्णय को केंद्रीय रेल मंत्रालय से मंजूरी मिल गई है और जल्द ही एक भव्य समारोह आयोजित कर राजधानी एक्सप्रेस के ठहराव की आधिकारिक शुरुआत की जाएगी। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए प्रधानमंत्री और रेल मंत्री का आभार जताया है।
श्रीबंशीधर नगर का ऐतिहासिक महत्व
गढ़वा जिले में स्थित श्रीबंशीधर नगर ऐतिहासिक और धार्मिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण स्थान है। यहां भगवान श्रीकृष्ण की 32 मन (लगभग 1280 किलोग्राम) वजनी शुद्ध सोने की प्रतिमा विराजमान है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 2500 करोड़ रुपये आंकी जाती है। ऐसा माना जाता है कि यह मूर्ति विश्व की सबसे भारी सोने की प्रतिमा है।