झारखंड में मूसलधार बारिश का कहर, रांची समेत कई जिलों में रेड अलर्ट; DC ने सभी स्कूलों को बंद करने का दिया आदेश

झारखंड में मानसून की दस्तक के साथ ही भारी बारिश का सिलसिला जारी है। 18 जून को भारतीय मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में भारी वर्षा की चेतावनी देते हुए रेड अलर्ट जारी किया, जिसके चलते जमशेदपुर और धनबाद में बुधवार को स्कूल बंद कर दिए गए। वहीं अब 19 जून को रांची समेत छह जिलों में भारी बारिश की संभावना को लेकर रेड अलर्ट जारी किया गया है।
राजधानी रांची में बुधवार को ही तेज बारिश का असर देखने को मिला। आगामी हालात को ध्यान में रखते हुए रांची की उपायुक्त मंजू भजंत्री ने 19 जून को जिले के सभी स्कूलों को नर्सरी से लेकर 12वीं तक बंद रखने का निर्देश दिया है। डीसी ने पहले ही आम नागरिकों से अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की थी। उन्होंने बुधवार को बारिश के बीच स्वयं शहर के हालात का निरीक्षण भी किया।

मौसम विभाग के अनुसार, 19 और 20 जून को रांची, रामगढ़, हजारीबाग, बोकारो, कोडरमा और गिरिडीह में रेड अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा खूंटी, धनबाद, जामताड़ा और देवघर में भी भारी वर्षा की आशंका जताई गई है। वहीं चतरा, दुमका, गोड्डा, पाकुड़ और साहिबगंज जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। सिंहभूम और पलामू के लिए किसी तरह की चेतावनी फिलहाल नहीं दी गई है।
डीसी मंजू भजंत्री ने अपने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' के माध्यम से सूचित किया कि 19 जून को सभी सरकारी, गैर सरकारी, सहायता प्राप्त (अल्पसंख्यक विद्यालयों सहित) एवं निजी विद्यालय बंद रहेंगे। आदेश के अनुसार, केजी से 12वीं तक की कक्षाएं निलंबित रहेंगी।
भारी बारिश की संभावना के मद्देनजर स्कूली छात्राओं के सुरक्षार्थ दिनांक 19.06.2025 को जिला में संचालित सभी कोटि के सरकारी/गैर सरकारी सहायता प्राप्त (अल्पसंख्यक सहित) एवं सभी निजी विद्यालयों में वर्ग- KG से वर्ग-12 तक के विद्यालय को बंद रखने का आदेश जारी किया गया है।
— DC Ranchi (@DC_Ranchi) June 18, 2025
भारत मौसम… pic.twitter.com/r5gjfKN57m
भारत मौसम विज्ञान केंद्र, रांची की विशेष बुलेटिन के आधार पर जिला प्रशासन ने रांची को रेड जोन में चिह्नित किया है। आदेश की अवहेलना करने वाले विद्यालयों के विरुद्ध आपदा प्रबंधन अधिनियम-2005 के अंतर्गत कार्रवाई की जाएगी।
सभी प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारियों, क्षेत्रीय शिक्षा अधिकारियों, स्कूल प्राचार्यों व प्रधानाध्यापकों को निर्देश दिया गया है कि वे इस आदेश का पालन सुनिश्चित करें और आवश्यक कदम उठाएं।