Movie prime

ट्रैफिक पुलिस पर हमला करने वाले दोनों आरोपी गिरफ्तार, सड़क पर कराई गई परेड

राजधानी रांची के कटहल मोड़ पर ट्रैफिक जवानों पर हमले के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को धर दबोचा है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों की उसी इलाके में सार्वजनिक परेड करवाई, जहां उन्होंने पुलिसकर्मियों पर हमला किया था। परेड के दौरान दोनों लंगड़ाते हुए चलते नजर आए।

घटना 9 जून की है, जब दलादली ओपी क्षेत्र स्थित कटहल मोड़ पर ट्रैफिक पुलिसकर्मी अपनी ड्यूटी निभा रहे थे। उन्होंने सड़क किनारे खड़े एक ऑटो को हटाने का निर्देश दिया। इसी दौरान ऑटो चालक ट्रैफिक जवानों से उलझ पड़ा। जवानों ने जब उसे पकड़कर ट्रैफिक पोस्ट ले जाने की कोशिश की, तभी हंस यादव उर्फ पुत्ती और मुन्ना यादव उर्फ अखिलेश यादव ने पुलिस पर अचानक हमला बोल दिया।

हमले के दौरान दोनों ने पत्थरबाजी की, जिसमें होमगार्ड जवान रोहित गंझू गंभीर रूप से घायल हो गया और सड़क पर गिर पड़ा। घटना के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।

घटना के बाद पूरे इलाके में आक्रोश फैल गया। रांची के एसएसपी और डीआईजी चंदन कुमार सिन्हा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए दोनों हमलावरों को पकड़ लिया।

गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपियों को कटहल मोड़ पर ले जाकर सड़कों पर पैदल परेड करवाई, जिससे लोगों को यह संदेश दिया जा सके कि कानून के खिलाफ जाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।