भाजपा कार्यसमिति बैठक में शामिल होंगे केंद्रीय गृह मंत्री, इस दिन पहुंचेंगे रांची

आने वाले दिनों में झारखंड सहित चार राज्यों (हरियाणा, महाराष्ट्र और जम्मू-कश्मीर) में विधानसभा चुनाव होने हैं। इसको लेकर राजनीतिक पार्टियां तैयारियों में जुट गई हैं। झारखंड में विधानसभा चुनाव का ऐलान अभी नहीं हुआ है, लेकिन बीजेपी ने पहले से ही अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं। इन दिनों झारखंड में बीजेपी के प्रमुख नेताओं का दौरा हो रहा है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के एक दिवसीय दौरे के लिए रांची में तैयारियां तेज हो गई हैं। रांची पुलिस और जिला प्रशासन के अधिकारी बीजेपी प्रदेश कार्यालय पहुंचकर सुरक्षा के मद्देनजर चर्चा कर रहे हैं।
कल शाम रांची पहुंचेंगे अमित शाह
अमित शाह 19 जुलाई की शाम रांची पहुंचेंगे और 20 जुलाई को धुर्वा स्थित प्रभात तारा मैदान में आयोजित एक दिवसीय विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में शामिल होंगे। इस बैठक की अध्यक्षता बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी करेंगे। बैठक में मंडल से लेकर प्रदेश स्तर के पदाधिकारी, कार्यसमिति सदस्य और विभिन्न मोर्चा के 20,000 से अधिक कार्यकर्ता शामिल होंगे। बैठक से पहले झारखंड के प्रभारी लक्ष्मीकांत वाजपेयी, राज्यसभा सांसद आदित्य साहू, संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, नेता प्रतिपक्ष अमर कुमार बाऊरी और अन्य बीजेपी पदाधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया।

17 जुलाई को तीन विधानसभा क्षेत्रों में कार्यक्रम
17 जुलाई को बीजेपी ने तीन विधानसभा क्षेत्रों में 'विधानसभा स्तरीय अभिनंदन सह विजय संकल्प सभा' का आयोजन किया। रांची विधानसभा क्षेत्र के कार्यक्रम में असम के सीएम और चुनाव प्रभारी हिमंता बिस्वा सरमा ने भाग लिया। हटिया विधानसभा क्षेत्र के कार्यक्रम में केंद्रीय कृषि मंत्री और चुनाव प्रभारी शिवराज सिंह चौहान शामिल हुए, जबकि जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र में बीजेपी प्रदेश प्रभारी डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेई ने भाग लिया। इन कार्यक्रमों में पार्टी कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया गया और चुनावी मुद्दों पर चर्चा हुई।