Movie prime

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह इस दिन आयेंगे रांची, पूर्वी क्षेत्रीय परिषद की बैठक की करेंगे अध्यक्षता

रांची में पूर्वी क्षेत्रीय परिषद की बैठक आयोजित की जाएगी। इस महत्वपूर्ण बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह करेंगे। इसमें झारखंड के अलावा बिहार, पश्चिम बंगाल और ओडिशा के मुख्यमंत्रियों की भागीदारी अनिवार्य बताई गई है।

केंद्रीय गृह मंत्रालय ने झारखंड सरकार को आधिकारिक सूचना भेज दी है कि आगामी 10 जुलाई को रांची में पूर्वी क्षेत्रीय परिषद की बैठक आयोजित की जाएगी। इस महत्वपूर्ण बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह करेंगे। इसमें झारखंड के अलावा बिहार, पश्चिम बंगाल और ओडिशा के मुख्यमंत्रियों की भागीदारी अनिवार्य बताई गई है।

गौरतलब है कि पूर्व में 10 मई को यह बैठक रांची में होनी थी, लेकिन भारत-पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव और संभावित युद्ध जैसे हालातों को देखते हुए बैठक को स्थगित करना पड़ा था। उस समय अमित शाह 9 मई को रांची पहुंचने वाले थे और 10 मई को बैठक में हिस्सा लेने वाले थे।

अमिताभ कौशल को मिली बड़ी जिम्मेदारी
राज्य सरकार ने बैठक की तैयारियों को लेकर गतिविधियां तेज कर दी हैं। गृह विभाग की प्रधान सचिव वंदना डाडेल ने अधिकारियों की एक बैठक बुलाई, जिसमें आईजी, डीसी, एसपी समेत कई वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए। बैठक में निर्णय लिया गया कि आईएएस अधिकारी अमिताभ कौशल को इस आयोजन का नोडल अधिकारी बनाया जाएगा। उनके नेतृत्व में एक विशेष सेल का गठन किया जाएगा, जिसमें प्रोटोकॉल, परिवहन, आतिथ्य और अन्य व्यवस्थाओं के लिए अलग-अलग अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी। आगामी सप्ताह में तैयारियों की प्रगति की समीक्षा भी की जाएगी।

अमित शाह की यात्रा से बढ़ी राजनीतिक हलचल
केंद्रीय मंत्री अमित शाह के रांची आगमन की खबर से राज्य प्रशासन ही नहीं, बल्कि राजनीतिक हलकों में भी सरगर्मी बढ़ गई है। हालांकि यह यात्रा आधिकारिक बैठक के लिए है, लेकिन माना जा रहा है कि वे भाजपा के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं से भी मुलाकात करेंगे। यह भेंट भाजपा संगठन को आगामी दिशा देने वाली हो सकती है, जिसका प्रभाव राज्य की राजनीति पर उनके दौरे के बाद दिखाई दे सकता है।