Movie prime

झारखंड पुलिस एसोसिएशन चुनाव के लिये मतदान जारी, देर रात आयेगा परिणाम

रांची के लाइन टैंक रोड स्थित झारखंड पुलिस एसोसिएशन के मुख्यालय में शुक्रवार सुबह से मतदान प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। सुरक्षा के कड़े इंतजामों के बीच पुलिसकर्मी अनुशासनबद्ध तरीके से कतार में लगकर अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं।

चुनाव में पुलिसकर्मियों का जबरदस्त उत्साह
इस चुनाव को लेकर पुलिसकर्मियों में भारी उत्साह देखा जा रहा है। झारखंड के विभिन्न जिलों से आए पुलिसकर्मी लोकतांत्रिक तरीके से अपने संगठन के नेतृत्व के चयन में भाग ले रहे हैं। सात महत्वपूर्ण पदों के लिए मतदान हो रहा है, जिसमें अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, महामंत्री, संयुक्त सचिव और संगठन सचिव पद शामिल हैं। गुरुवार को झारखंड पुलिस संगठन का महाधिवेशन आयोजित किया गया था, जहां विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई। इसके बाद शुक्रवार को करीब एक हजार पुलिसकर्मी अपने संगठन के भविष्य का फैसला करने के लिए मतदान कर रहे हैं।

अध्यक्ष पद पर कांटे की टक्कर
इस बार अध्यक्ष पद के लिए रविंद्र कुमार सिंह और राहुल कुमार मुरमू के बीच कड़ा मुकाबला है। वहीं, उपाध्यक्ष पद के लिए मोहम्मद आफताब आलम, रमाकांत उपाध्याय, रोहित कुमार रजक और अशोक कुमार तिवारी मैदान में हैं। महामंत्री पद के लिए अरविंद प्रसाद यादव और संजीव कुमार आमने-सामने हैं, जबकि संयुक्त सचिव पद के लिए श्रीकांत शर्मा, मनोज पासवान, राकेश कुमार पांडे और संतोष कुमार महतो अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। संगठन सचिव पद के लिए निर्मल कुमार यादव और मंटू कुमार साहू चुनावी दंगल में हैं।

देर रात घोषित होंगे नतीजे
झारखंड पुलिस एसोसिएशन के मौजूदा अध्यक्ष योगेंद्र सिंह ने जानकारी दी कि मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से जारी है। शाम 5 बजे तक मतदान पूरा हो जाएगा और देर रात तक परिणाम घोषित किए जाने की संभावना है। विजयी उम्मीदवारों का शपथ ग्रहण समारोह शनिवार को आयोजित किया जाएगा।