Movie prime

काल बैसाखी की धमक से झारखंड में बदला मौसम, 18 अप्रैल तक बारिश-आंधी के आसार

झारखंड में बीते दस दिनों से मौसम का मिजाज लगातार बदला-बदला नजर आ रहा है। तेज गर्जना, वज्रपात और झोंकों की रफ्तार से चल रही हवाओं ने गर्मी से कुछ राहत तो दी है, लेकिन अस्थिर मौसम की स्थिति बनी हुई है।
मौसम विभाग के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने जानकारी दी कि इस मौसमीय बदलाव की मुख्य वजह काल बैसाखी है। यह एक स्थानीय तूफान होता है, जो अप्रैल और मई के दौरान पूर्वी भारत को प्रभावित करता है। इसमें तेज हवाओं के साथ बारिश और आकाशीय बिजली एक साथ देखने को मिलती है।
उन्होंने बताया कि बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी के चलते राज्य का मौसम बिगड़ा हुआ है और इसका असर 18 अप्रैल तक बना रह सकता है। इस दौरान झारखंड के कई जिलों में हल्की बारिश, बिजली गिरने और 30 से 50 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
मंगलवार को राजधानी रांची समेत आसपास के इलाकों में आंशिक बादल छाए रहे और मध्यम गति की हवाएं चलीं, जिससे तापमान में थोड़ी नरमी आई। तापमान की बात करें तो रांची में अधिकतम तापमान 33.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, वहीं जमशेदपुर और डालटनगंज में 35.8, बोकारो में 33.2 और चाईबासा में 29.5 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।