झारखंड में बदला मौसम का मिजाज, 18 मई तक झमाझम बारिश के आसार

झारखंड में मौसम का रुख अब धीरे-धीरे बदल रहा है। राजधानी रांची समेत दक्षिणी झारखंड के कोल्हान क्षेत्र—सरायकेला-खरसांवा, पश्चिमी सिंहभूम और पूर्वी सिंहभूम—में तेज़ हवाओं के साथ कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई है। इन क्षेत्रों में हवा और बारिश ने लोगों को उमस भरी भीषण गर्मी से थोड़ी राहत दी।
मौसम केंद्र रांची के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि 16 मई के बाद तापमान में कमी आने के आसार हैं। बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी की वजह से राज्य में आकाशीय बिजली के साथ हल्की बारिश हो सकती है। उन्होंने लोगों से सावधानी बरतने और गरज-चमक के समय घरों में ही रहने की सलाह दी है।

गुरुवार को दोपहर बाद राजधानी रांची में बादल छा गए और डोरंडा, हिनू जैसे इलाकों में तेज़ हवा के साथ बूंदाबांदी हुई। अधिकतम तापमान 37.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि 17 मई के बाद अधिकांश जिलों में बादल छाए रहेंगे और कुछ जगहों पर बारिश के आसार हैं। 20 मई तक गर्मी से राहत मिलने की संभावना जताई गई है।
इधर जमशेदपुर और उसके आसपास के क्षेत्रों में गुरुवार को दिन भर उमस बनी रही, लेकिन दोपहर तीन बजे के बाद आई आंधी और बारिश ने गर्मी को काफी हद तक कम कर दिया। करीब एक घंटे चली इस बारिश ने ट्रैफिक को भी कुछ समय के लिए थाम दिया। बाद में स्थिति सामान्य हो गई। जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 39.5 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि वर्षा 4.2 मिमी रही।
मौसम विभाग ने कोल्हान क्षेत्र के लिए चेतावनी जारी की है। अगले कुछ दिनों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज़ हवाओं के साथ वज्रपात की संभावना है। विभाग ने इसे लेकर ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है। 18 मई से राज्य में मौसम में बड़ा बदलाव संभावित है, क्योंकि बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव का क्षेत्र बनने के संकेत मिल रहे हैं। इसके चलते लगातार बारिश का सिलसिला शुरू हो सकता है और अधिकतम तापमान में 5 से 6 डिग्री की गिरावट आ सकती है।