Movie prime

होली तक मौसम शुष्क रहने की संभावना, तापमान में बढ़ोत्तरी के आसार

झारखंड में मौसम ने एक बार फिर से करवट ली है। बीते चार दिनों से हो रही बारिश और तेज़ हवाएं अब थम चुकी है। हालांकि बारिश की वजह से तापमान में गिरावट भी आयी, लेकिन एक बार फिर कड़ी धूप ने दस्तक दे दी है। ऐसे में इसे तापमान में होने वाली बढ़ोत्तरी का संकेत माना जा रहा है। मौसम विभाग द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार राज्य के कई हिस्सों में आज आंशिक बादल छाए रहेंगे, लेकिन बारिश नहीं होगी। मौसम शुष्क रहने की संभावना है। साथ ही तापमान में बढ़त के आसार हैं, अगले तीन से चार दिनों में तापमान 6 से 9 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। बताते चलें कि, झारखंड में अब होली तक या उसके बाद भी मौसम में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। आज से लेकर 27 मार्च तक मौसम शुष्क रहने का अनुमान है जबकि राज्य के कई हिस्सों में हल्के बादल नजर आ सकते हैं।

कल कई जगह हुई बारिश
पिछले 24 घंटे में मौसम के मिजाज पर नजर डालें तो राज्य के कई स्थानों पर गर्जन और आंधी के साथ हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश हुई है। कुछ स्थानों पर भारी बारिश भी दर्ज की गई है। सबसे अधिक बारिश कांके में 82.4 मिमी दर्ज की गई है। राज्य में सबसे अधिक तापमान 28 डिग्री सेल्सियस और सबसे कम तापमान 13.4 डिग्री सेल्सियस चाईबासा में दर्ज किया गया है।

बढ़ने लगा है तापमान
मौसम में बदलाव अब महसूस होने लगा है। राज्य के कई हिस्सों में पिछले 24 घंटे में ही तापमान में हो रही बढ़त महसूस होने लगी है। पिछले 24 घंटे में देवघर, गढ़वा, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा , खूंटी , पाकुड़, सिमडेगा और साहिबगंज के तापमान में 0.3 से लेकर 5.4 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़त दर्ज की गई है।