Movie prime

साहिबगंज में ऑटो पलटने से एक महिला की मौत, 10 घायल

साहिबगंज जिले के जिरवाबाड़ी थाना क्षेत्र के जिलेबिया घाटी स्थित बजरंगबली मंदिर के पास एक दर्दनाक हादसा हुआ। यात्रियों से भरी एक ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे एक महिला की मौत हो गई और एक बालक सहित 10 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद ऑटो चालक संजू बास्की फरार हो गया है।

घटना की जानकारी मिलते ही जिरवाबाड़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल लोगों को तुरंत सदर अस्पताल भेजा। वहीं, मृत महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए साहिबगंज सदर अस्पताल भेजा गया।

पुलिस के अनुसार, घायलों में सिदो किस्कू की नौ वर्षीय पुत्री रौशमी किस्कू, पुरले किस्कू की नौ वर्षीय पुत्री लिली किस्कू, भागवत बास्की का 14 वर्षीय पुत्र बुधराम बास्की, राजेश मुर्मू की पत्नी कहामुनि सोरेन (40 वर्ष), मनु मुर्मू की 18 वर्षीय पुत्री मोरिता मुर्मू, पप्पू मुर्मू (30 वर्ष), बिर्धन हांसदा की 10 वर्षीय पुत्री मरियम हांसदा, जट्टा मुर्मू की 13 वर्षीय पुत्री मेरीला मुर्मू, राम बास्की की 12 वर्षीय पुत्री चंची बास्की, और पतरु बास्की की पुत्री मरांगमय सोरेन शामिल हैं। ये सभी बोरियो थाना क्षेत्र के बागमुंडी गांव के निवासी हैं।

घायलों में से चुनचुन मुर्मू और मेरी मुर्मू ने बताया कि वे बोरियो के ही ऑटो चालक संजू बास्की के ऑटो से साहिबगंज के महादेवगंज स्थित खेत में काम करने जा रहे थे। जिलेबिया घाटी के पास अचानक ऑटो का ब्रेक फेल हो गया, जिसके कारण ऑटो अनियंत्रित हो गया और पलट गया। इस हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 10 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

अभी तक मृत महिला की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस मृतका के परिजनों का पता लगाने में जुटी है, ताकि शव का पोस्टमार्टम करवा सकें।