मंईयां सम्मान योजना की राशि से वंचित महिलाओं को अब मिलेगा लाभ, आधार सीडिंग के बाद खातों में आने लगे पैसे

झारखंड सरकार की मंईयां सम्मान योजना को लेकर एक अहम जानकारी सामने आई है। राज्य सरकार ने उन महिलाओं के खातों में पैसे भेजने शुरू कर दिए हैं, जिनका आधार अब तक बैंक खातों से लिंक नहीं हो पाया था। महिला, बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग के मुताबिक, पहले आधार सीडिंग की कमी के चलते करीब 7.65 लाख महिला लाभार्थियों को योजना की राशि नहीं मिल पा रही थी, लेकिन अब सत्यापन प्रक्रिया पूरी होने के बाद इन महिलाओं के खातों में भी अप्रैल महीने की सहायता राशि भेजी जा रही है।
इस योजना के तहत पंजीकरण कराने वाली कुल 53.35 लाख महिलाओं में से 13 मई से पहले 40.02 लाख खातों की आधार सीडिंग पूरी हो चुकी थी, जिनमें सीधे पैसे ट्रांसफर कर दिए गए थे। इसके बाद विभाग ने शेष खातों की समीक्षा की और 12 लाख से अधिक खातों का सत्यापन कर जून महीने में PFMS के जरिए प्रक्रिया पूरी कर दी। अब तक योजना का लाभ पाने वाली महिलाओं की संख्या 52 लाख से भी अधिक हो चुकी है।

समीक्षा बैठक में सामने आया कि सिमडेगा जिले की महिलाओं को सबसे कम लाभ मिल पाया था, जबकि हजारीबाग, रांची, धनबाद और बोकारो जैसे जिलों में सत्यापन की रफ्तार धीमी रही। उच्चस्तरीय बैठक के बाद इन जिलों पर विशेष ध्यान दिया गया और बाकी बची महिलाओं के खाते भी अपडेट कर दिए गए।
अब जिन महिलाओं ने मंईयां सम्मान योजना के लिए रजिस्ट्रेशन कराया है, उनके खातों में जल्द ही अप्रैल माह की सहायता राशि भी ट्रांसफर कर दी जाएगी। सरकार की कोशिश है कि कोई भी पात्र महिला लाभ से वंचित न रहे।