Movie prime

राज्य में 7 अप्रैल तक हीट वेव का यलो अलर्ट जारी, 8 से बदलेगा मौसम, बारिश की संभावना

झारखंड में गर्मी का प्रकोप जारी है। इसके साथ ही तेज़ धूप के साथ हीटवेव का भी खतरा बढ़ने लगा है। मौसम विभाग द्वारा दी गयी जानकारी के अनुसार राज्य में 7 अप्रैल तक हीट वेव का यलो अलर्ट जारी किया गया है। संभावना जतायी जा रही है कि इस दौरान राज्य के कई जिलों का तापमान 40 के पार  सकता है। वहीं दूसरी तरफ आज राज्य के दक्षिणी-पूर्वी भाग में उष्ण लहर (गर्म हवा) की स्थिति बनी रहेगी। 5 अप्रैल को पूर्वी भाग में इसका असर देखने को मिल सकता है। सात अप्रैल के बाद मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक, 8 और 9 अप्रैल को राज्य के कई जिलों में गर्जन के साथ बारिश की संभावना बन रही है। इस दौरान 30 से 40 किमी के बीच हवा भी चलने की संभावना है।

अभी और बढ़ेगा तापमान
मौसम विभाग के अनुसार न्यूनतम तापमान में बढ़त देखने को मिल सकती है। राज्य में इस दौरान न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस से अधिकतम 40 डिग्री सेल्सियस के बीच तापमान रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने अगले एक से दो दिनों में तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़त की संभावना जाहिर की है। इसका मतलब है कि राज्य में गर्मी का असर अभी और बढ़ेगा।

कैसा रहा मौसम का मिजाज
पिछले 24 घंटे के मिजाज पर नजर डालें तो राज्य में अधिकतम तापमान 39.9 डिग्री सेल्सियस जमशेदपुर में दर्ज किया गया है। जबकि सबसे कम तापमान 19.4 डिग्री सेल्सियस तापमान गढ़वा का दर्ज किया गया है। जिन जगहों के तापमान में पिछले 24 घंटे में बढ़ा परिवर्तन आया है, उनमें चाईबासा सबसे आगे हैं। यहां पिछले 24 घंटे में 2.7 डिग्री सेल्सियस तापमान में बढ़त आई है। इसके बाद जमशेदपुर दूसरे नंबर पर रहा जहां 1.9 डिग्री सेल्सियस की बढ़त आई है। राज्य में न्यूनतम तापमान में भी बढ़त आ रही है। यहां सबसे ज्यादा बढ़त 3.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो बोकारो में रहा है।