झारखंड में फिर बदलेगा मौसम का रुख, 7 से 10 अप्रैल तक वज्रपात और बारिश का येलो अलर्ट जारी

राज्य में बीते 24 घंटे के दौरान मौसम शुष्क रहा और तापमान में तेजी देखी गई। सबसे अधिक गर्मी डाल्टनगंज में दर्ज की गई, जहां पारा 40.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। जमशेदपुर में 40, बोकारो में 40.1, चाईबासा में 39.3 और गोड्डा में 38.5 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। मौसम विज्ञान केंद्र, रांची के अनुसार आने वाले दो दिनों में तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होने की संभावना है, हालांकि इसके बाद तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट हो सकती है।
टर्फ और चक्रवातीय हवाएं लाएंगी बदलाव
उत्तर-पूर्वी बिहार से लेकर विदर्भ तक फैले टर्फ और पूर्वी बिहार, झारखंड व छत्तीसगढ़ के ऊपर बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन के प्रभाव से 7 से 10 अप्रैल के बीच झारखंड के कई इलाकों में आंधी, वज्रपात और तेज हवाएं चलने की संभावना है। इस दौरान कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश भी हो सकती है।

कहां-कब रहेगा येलो अलर्ट, जानें विस्तार से:
7 अप्रैल: राज्य के उत्तर-पूर्वी जिलों में 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी और गरज-चमक के साथ हल्की वर्षा हो सकती है। वज्रपात को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।
8 व 9 अप्रैल: दक्षिणी, मध्य और उत्तर-पूर्वी हिस्सों में आंधी के साथ-साथ गरज-चमक व बिजली गिरने की चेतावनी है। इन क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश की भी संभावना जताई गई है।
10 अप्रैल: पूरे झारखंड में येलो अलर्ट रहेगा। कहीं-कहीं 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जबकि बादल छाए रहेंगे और गरज के साथ बारिश होने की संभावना है।
रांची में आज दोपहर बाद मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। आसमान में आंशिक रूप से बादल छा सकते हैं। अधिकतम तापमान 37 डिग्री और न्यूनतम 21 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।